Bihar Politics: जदयू कार्यालय में हुआ सम्मान समारोह, कार्यकर्ताओं को पार्टी नेतृत्व ने की सराहना, सीएम नीतीश करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव में मिली बड़ी सफलता को लेकर जदयू ने अपने जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए शनिवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में एक भव्य समारोह आयोजित किया।

जदयू कार्यालय
कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित- फोटो : News4nation

Bihar Politics:  बिहार विधानसभा चुनाव में मिली बड़ी सफलता को लेकर जदयू ने अपने जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए शनिवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में एक भव्य समारोह आयोजित किया। चुनावी माहौल में गांव–गांव और बूथ–बूथ जाकर मतदाताओं को जोड़ने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी नेतृत्व की ओर से सम्मान पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान किए जा रहे हैं। समारोह में दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पहुंचे और कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। थोड़ी में सीएम नीतीश प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।

यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम

कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं की निष्ठा, परिश्रम और संगठनात्मक मजबूती की खुलकर तारीफ की। उमेश कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि,विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली जीत किसी चमत्कार का परिणाम नहीं, बल्कि हजारों समर्पित कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत का फल है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में ऐसे सम्मान समारोह नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे ताकि कार्यकर्ताओं का मनोबल हमेशा ऊंचा रहे और पार्टी से नए चेहरे भी जुड़ते रहें।

आपकी भूमिका इतिहास में दर्ज होगी

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि बिना कार्यकर्ताओं की मेहनत कोई भी राजनीतिक दल चुनाव नहीं जीत सकता। उन्होंने कहा कि, जेडीयू की जीत बूथ स्तर पर आपके अथक प्रयासों से लिखी गई है। आपने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस और समर्पण का परिचय दिया। आपकी भूमिका इतिहास में दर्ज होगी। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा समीक्षा बैठकों में जमीनी कार्यकर्ताओं की अहमियत पर जोर देते हैं और यह सम्मान समारोह उसी सोच का विस्तार है।

संगठन को और मजबूत करेगी पार्टी

कार्यक्रम के दौरान अनौपचारिक रूप से आगामी चुनावी तैयारियों, संगठन विस्तार और पंचायत स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने संकेत दिया कि 2026 और 2027 के चुनावी कैलेंडर को देखते हुए संगठन को अभी से मजबूत बनाने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। सम्मान समारोह के जरिए जदयू ने स्पष्ट कर दिया कि आगामी वर्षों में पार्टी की रणनीति का केंद्र बिंदु जमीनी कार्यकर्ता होंगे, जिनकी मेहनत के बल पर पार्टी ने एक बार फिर चुनावी सफलता हासिल की है।