सोमनाथ मंदिर में जेडीयू नेता छोटू सिंह ने किया दर्शन-पूजन, देश और प्रदेश की समृद्धि के लिए महादेव से मांगी दुआ
जेडीयू नेता छोटू सिंह ने सपरिवार सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर देश और प्रदेश की समृद्धि की कामना की। उन्होंने सोमनाथ को भारतीय सांस्कृतिक शक्ति और अटूट आस्था का प्रतीक बताया।
Patna - : अरब सागर के तट पर स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के दरबार में आज जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता और राज्य नागरिक परिषद के महासचिव, बिहार छोटू सिंह ने सपरिवार मत्था टेका। इस पावन अवसर पर उन्होंने महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजन किया। सोमनाथ मंदिर, जो भारतीय आस्था और सनातन संस्कृति का अद्वितीय प्रतीक माना जाता है, वहाँ की दिव्यता देख वे अभिभूत नजर आए।

सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक है सोमनाथ

मंदिर परिसर में दर्शन के उपरांत छोटू सिंह ने कहा कि सोमनाथ ज्योतिर्लिंग केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि यह भारत की सांस्कृतिक शक्ति, आत्मबल और अटूट विश्वास का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने मंदिर के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि अनेक चुनौतियों और आक्रमणों के बावजूद यह मंदिर बार-बार पुनर्निर्मित होकर खड़ा हुआ। यह संदेश देता है कि भारतीय संस्कृति को कोई भी विपरीत परिस्थिति डिगा नहीं सकती।
यशस्वी नेतृत्व और खुशहाली की कामना

छोटू सिंह ने सपरिवार पूजा-अर्चना करते हुए भगवान भोलेनाथ से देश और बिहार प्रदेश की निरंतर खुशहाली, सुख-शांति और विकास की प्रार्थना की। उन्होंने महादेव से विशेष रूप से यह आशीर्वाद मांगा कि देश और प्रदेश के यशस्वी नेतृत्वकर्ताओं को और अधिक शक्ति मिले, ताकि वे एक शक्तिशाली और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में समस्त देशवासियों का उचित मार्गदर्शन कर सकें।
सपरिवार पूजा में हुए शामिल
इस धार्मिक यात्रा के दौरान छोटू सिंह के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने मंदिर की भव्यता और अरब सागर के मनमोहक तट का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि यहाँ आकर मिलने वाली शांति और ऊर्जा अद्भुत है। अंत में उन्होंने समस्त देशवासियों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए महादेव से ऊर्जा और मार्गदर्शन प्रदान करने की प्रार्थना की।