Bihar Budget Session: जदयू विधायक विनय चौधरी ने तेजस्वी पर किया जबरदस्त हमला, शराबबंदी कानून को लेकर बिहार में फिर छिड़ी जंग
Bihar Budget Session: जदयू विधायक विनय चौधरी ने तेजस्वी यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश को ‘नाटकदार’ और ‘अचेत’ मुख्यमंत्री कहा था जिसको लेकर उन्होंने पलटवार किया है।
Bihar Budget Session: जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक विनय चौधरी ने शराबबंदी कानून की समीक्षा की मांग को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि जो लोग शराबबंदी हटाने की बात कर रहे हैं, उन्हें गांव में जाना चाहिए, जहां महिलाएं उनका विरोध करेंगी। उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून है और रहेगा। कानून हटाने की मांग करने वालों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जनता की भावना को नहीं समझते।
भाई वीरेंद्र के बयान पर प्रतिक्रिया
आरजेडी नेता भाई वीरेंद्र के यूजीसी कानून को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विनय चौधरी ने कहा कि जब वे सत्ता में थे, तब क्यों लागू नहीं किया? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने काम को देखना चाहिए।
तेजस्वी यादव पर पलटवार
तेजस्वी यादव द्वारा नीतीश कुमार को ‘नाटकदार’ और ‘अचेत’ मुख्यमंत्री कहे जाने पर विनय चौधरी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अब भी इसी चिंता में रहते हैं कि नीतीश कुमार उन्हें साथ ले लें। उन्होंने दावा किया कि यदि यही स्थिति रही तो उनकी राजनीतिक हालत और कमजोर होगी। जब उनसे पूछा गया कि तेजस्वी यादव होली के बाद जनता के बीच जाकर सरकार की पोल खोलने की बात कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है। उनके मुताबिक, अगर वे जनता के बीच जाएंगे तो उनकी सीटें और कम हो सकती हैं। विनय चौधरी के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाज़ी और तेज होने की संभावना है।
पटना से अभिजीत की रिपोर्ट