झारखंड राज्यसभा चुनाव: दो सीटों पर मतदान जारी, एक बस में सवार होकर आये कांग्रेस विधायक, इनका पलड़ा भारी
संख्या बल के आधार पर INDIA गठबंधन दोनों सीटों पर मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है, लेकिन निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी की एंट्री से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। नथवानी को भाजपा का समर्थन प्राप्त है
Jharkhand Rajya Sabha Election : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार को विधानसभा परिसर में मतदान जारी है। यह चुनाव सत्तारूढ़ INDIA गठबंधन और विपक्षी NDA के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। एक सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के बाद रिक्त हुई है, जबकि दूसरी सीट भाजपा नेता दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को समाप्त होने के कारण खाली हो रही है।
विधानसभा में INDIA गठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं। इनमें JMM के 34, कांग्रेस के 16, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के चार और भाकपा (माले) लिबरेशन के दो विधायक शामिल हैं। वहीं, NDA के पास 24 विधायक हैं, जिनमें भाजपा के 1, आजसू पार्टी, जदयू और लोजपा (रामविलास) के एक-एक विधायक शामिल हैं। इसके अलावा झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का एक विधायक भी सदन में मौजूद है।
नथवानी की उम्मीदवारी से मुकाबला रोचक
हालांकि संख्या बल के आधार पर INDIA गठबंधन दोनों सीटों पर मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है, लेकिन निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी की एंट्री से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। नथवानी को भाजपा का समर्थन प्राप्त है और उनकी उम्मीदें संभावित क्रॉस वोटिंग पर टिकी हैं। परिमल नथवानी इससे पहले तीन बार राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। 2008 में वे झारखंड से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुने गए थे। 2014 में भाजपा और आजसू के समर्थन से दोबारा राज्यसभा पहुंचे, जबकि 2020 में आंध्र प्रदेश से वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के समर्थन से तीसरी बार उच्च सदन के सदस्य बने।
जीत के लिए 28 वोट जरूरी
झारखंड की प्रत्येक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 28 मतों की आवश्यकता है। JMM के पास अकेले 34 विधायक हैं, ऐसे में उसके उम्मीदवार बैद्यनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है। दूसरी ओर कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के लिए पार्टी के 16 विधायकों के अलावा JMM के छह, RJD के चार और भाकपा (माले) के दो विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। ऐसे में महागठबंधन की एकजुटता कांग्रेस प्रत्याशी की जीत की कुंजी मानी जा रही है।
मतदान के लिए सभी विधायक पहुंचे
राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद निर्वाचन आयोग की अनुमति मिलने पर शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। मतदान के लिए कांग्रेस के सभी 16 विधायक एक साथ बस से विधानसभा पहुंचे, जबकि NDA के विधायक भी सामूहिक रूप से पहुंचे और सुबह ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया।
वोटिंग प्रक्रिया को लेकर विशेष सतर्कता
निर्वाचन प्रक्रिया के तहत विधायकों के लिए पार्टी एजेंट को अपना मत दिखाना अनिवार्य है। यदि कोई विधायक अपने अधिकृत एजेंट को मतपत्र नहीं दिखाता है, तो उसका वोट रद्द हो सकता है। वहीं, दो उम्मीदवारों के सामने निशान लगाने पर भी मत अमान्य माना जाएगा। पार्टी लाइन से अलग मतदान करने की स्थिति में संबंधित दल विधायक के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश भी कर सकता है।
मॉक पोल में बैद्यनाथ राम को बढ़त
मतदान से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर INDIA गठबंधन के विधायकों और नेताओं की बैठक हुई। संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि विधायकों को मतदान प्रक्रिया समझाने के लिए लगातार दूसरे दिन मॉक पोल कराया गया। इस अभ्यास में JMM उम्मीदवार बैद्यनाथ राम को 29 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को 25 वोट मिले। फिलहाल संख्या बल के आधार पर INDIA गठबंधन दोनों सीटों पर बढ़त में नजर आ रहा है, लेकिन निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी की मौजूदगी और संभावित क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं के बीच चुनावी मुकाबले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।