Google Search: Google पर 'Punch the Monkey' सर्च करते ही स्क्रीन पर होगा जादू! आखिर इस नन्हे बंदर के पीछे क्यों पागल हुई दुनिया? जानिए

Google Search: अगर आपने अभी तक गूगल पर ‘पंच द मंकी’ सर्च नहीं किया है, तो एक बार जरूर करके देखिए। इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे इस ट्रेंड में गूगल भी शामिल हो गया है। जैसे ही यूजर्स गूगल पर “Punch the Monkey” टाइप कर रहे हैं.....

Punch the Monkey
गुगल पर सर्च करें 'Punch the Monkey'- फोटो : social media

Google Search: क्या आपने कभी सोचा है कि दुनिया का सबसे बड़ा सर्च इंजन Google आपके बोरिंग दिन को चुटकियों में मजेदार बना सकता है? इन दिनों इंटरनेट पर एक नन्हा मेहमान हर किसी का ध्यान खींच रहा है। जैसे ही आप गूगल के सर्च बार में ‘Punch the Monkey’ टाइप करते हैं, आपकी मोबाइल या कंप्यूटर स्क्रीन पर एक ऐसा सरप्राइज सामने आता है जिसे देखकर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे।

क्या है 'Punch the Monkey' का जादू?

दरअसल, गूगल ने अपने यूजर्स के लिए एक नया 'ईस्टर एग' (Easter Egg) या कहें तो एक छिपा हुआ सरप्राइज पेश किया है। जैसे ही कोई यूजर गूगल सर्च बार में ‘Punch the Monkey’ टाइप करता है, स्क्रीन के एक कोने से एक प्यारा सा नन्हा बंदर झांकता हुआ नजर आता है। मजे की बात यह है कि जैसे ही आप उस पर क्लिक या 'पंच' करते हैं, वह गायब होकर दूसरी जगह से निकल आता है और अजीबोगरीब आवाजें निकालता है। यह इतना 'एडिक्टिव' है कि लोग घंटों इसे ढूंढने और उस पर क्लिक करने में बिता रहे हैं।

जापान का नन्हा स्टार ‘पंच’

दरअसल, ‘पंच’ जापान का एक छह महीने का जापानी मकाक (Japanese Macaque) बंदर है, जो इन दिनों इंटरनेट सेंसेशन बना हुआ है। बंदरों की दुनिया में 200 से अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं, लेकिन फिलहाल दुनियाभर की दिलचस्पी इस छोटे से बंदर पर टिकी हुई है। पंच की लोकप्रियता तब बढ़ी जब उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। इनमें वह अपनी मां द्वारा त्यागे जाने के बाद एक मुलायम खिलौने से लिपटकर सुकून पाता दिखा। इस भावुक दृश्य ने लोगों का दिल जीत लिया।

इचिकावा जूलॉजिकल एंड बॉटैनिकल गार्डन में देखे जा रहे हैं पंच

पंच को देखने के लिए लोग जापान के इचिकावा जूलॉजिकल एंड बॉटैनिकल गार्डन तक पहुंच रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मां से अलग होने के बाद उसकी देखभाल कर्मचारियों ने की। बाद में उसे दूसरे बंदरों के समूह में शामिल किया गया, जहां शुरुआती दिनों में उसे तंग भी किया गया। इसी घटना के वीडियो वायरल होने के बाद दुनियाभर के लोगों ने पंच के प्रति सहानुभूति जताई। इंटरनेट यूजर्स उसे उसके मुलायम खिलौने के साथ देखकर भावुक हो गए।

कभी तंग, कभी दुलार

शुरुआत में वायरल वीडियो में पंच को दूसरे बंदरों द्वारा परेशान करते हुए देखा गया, लेकिन समय के साथ हालात बदले। अब कई वीडियो में दूसरे बंदर उसे गले लगाते और संवारते नजर आते हैं। हालांकि, समूह के भीतर उसका अनुभव अभी भी मिला-जुला बताया जा रहा है कभी प्यार, तो कभी झगड़े। पंच के प्रति बढ़ते क्रेज को देखते हुए गूगल ने भी अपने अंदाज में इस ट्रेंड को सेलिब्रेट किया है। ‘पंच द मंकी’ सर्च करते ही मिलने वाला छोटा सा डिजिटल सरप्राइज लोगों का दिन रोशन कर रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स बार-बार यह सर्च कर रहे हैं और अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।