Patna Police: लावारिस शव के अंतिम संस्कार में लापरवाही पड़ी भारी, बड़े साहब ने दो पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

Patna Police: पटना के कैलाश हत्याकांड मामले में रेल पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने के बाद पटना रेल एसपी अनंत रॉय ने कड़ा एक्शन लिया है। ...

Patna Kailash Murder Case
दरोगा और सिपाही निलंबित- फोटो : reporter

Patna Police: पटना के कैलाश हत्याकांड मामले में रेल पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने के बाद पटना रेल एसपी अनंत रॉय ने कड़ा एक्शन लिया है। जांच रिपोर्ट में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने और दोषी पाए जाने पर दानापुर रेल थाना के पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार और सिपाही अविनाश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रेल एसपी अनंत रॉय के मुताबिक, नेउरा और सदीसोपुर के बीच रेल ट्रैक पर 7 सितंबर को दानापुर जीआरपी ने एक शव लावारिस हालत में बरामद किया था। आरोप है कि शव की पहचान और नियमानुसार कार्रवाई पूरी किए बगैर महज 12 घंटे के भीतर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। जबकि SOP के तहत अज्ञात शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखने का प्रावधान बताया गया है, ताकि उसकी पहचान के लिए परिजनों या संबंधित लोगों को पर्याप्त समय मिल सके।

मृतक के परिजनों से सूचना मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। रेल एसपी ने स्पष्ट किया कि लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए विभागीय प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।

मामले में अब यह भी जांच का विषय है कि अज्ञात शव के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया इतनी जल्दबाजी में क्यों पूरी की गई और निर्धारित SOP का पालन क्यों नहीं हुआ। रेल पुलिस की कार्रवाई के बाद महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।

अनिल की रिपोर्ट