'RJD प्रखंड उपाध्यक्ष को यूट्यूबर बनाकर तेजस्वी यादव ने किया फर्जीवाड़ा' मंत्री लखींद्र पासवान का पलटवार
लखींद्र पासवान ने कहा कि संबंधित व्यक्ति का नाम कुंदन कुमार है और पुलिस ने उसके घर से हथियार बरामद किया है। मंत्री ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव कुंदन कुमार को यूट्यूबर बताकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
Bihar News : बिहार सरकार के मंत्री लखींद्र पासवान ने आरजेडी नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के आरोपों पर पलटवार किया है। तेजस्वी यादव ने मंत्री के विधानसभा क्षेत्र के एक यूट्यूबर पर पुलिस द्वारा फर्जी केस किए जाने का आरोप लगाया था। अब मंत्री ने सफाई देते हुए दावा किया है कि जिसे तेजस्वी यादव यूट्यूबर बता रहे हैं, वह दरअसल आरजेडी के युवा मोर्चा का प्रखंड उपाध्यक्ष है।
लखींद्र पासवान ने कहा कि संबंधित व्यक्ति का नाम कुंदन कुमार है और पुलिस ने उसके घर से हथियार बरामद किया है। मंत्री ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव कुंदन कुमार को यूट्यूबर बताकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
‘कुंदन पर पहले भी दर्ज हो चुका है केस’
मंत्री ने दावा किया कि कुंदन कुमार के खिलाफ वर्ष 2025 में भी एक लड़की से अभद्रता के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि कुंदन क्षेत्र में दबंगई करता है और लोगों को डराने-धमकाने का काम करता है। लखींद्र पासवान ने कहा कि पुलिस ने कुंदन कुमार के घर से हथियार बरामद किया है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि कार्रवाई के दौरान पुलिस से एक गलती हुई। उनके मुताबिक, घर से जब्त हथियार की सीजर लिस्ट पर कुंदन कुमार का हस्ताक्षर नहीं लिया गया। मंत्री ने कहा कि पुलिस अपने स्तर से इस मामले की जांच कर रही है।
‘पुलिस के काम में हमारा कोई हस्तक्षेप नहीं’
मंत्री लखींद्र पासवान ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई में उनका कोई हस्तक्षेप नहीं है। उन्होंने कहा, ‘हम न किसी को फंसाते हैं और न किसी को बचाते हैं।’ उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने किसी मामले में कार्रवाई की है तो उसकी जांच पुलिस अपने स्तर पर करेगी। मंत्री ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे झूठ की राजनीति कर रहे हैं। लखींद्र पासवान ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव अपने ही दल के कार्यकर्ता को यूट्यूबर बताकर उनके खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
तेजस्वी यादव के आरोपों पर भी किया पलटवार
मंत्री ने तेजस्वी यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने बिहार पुलिस पर फर्जी केस करने, फर्जी एनकाउंटर कराने और लोगों को झूठे मामलों में फंसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। लखींद्र पासवान ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए और पूरे मामले की जांच कानून के मुताबिक होनी चाहिए। उन्होंने तेजस्वी यादव के परिवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बड़े भाई की ओर से बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री पर आरोप लगाए जा रहे हैं और छोटा भाई भी उसी रास्ते पर चल रहा है।
तेजस्वी यादव ने क्या कहा था?
दरअसल, तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में वैशाली के एक यूट्यूबर पत्रकार का मामला उठाते हुए आरोप लगाया था कि पुलिस ने उसे फर्जी मामले में फंसाकर जेल भेजा। तेजस्वी के मुताबिक, पत्रकार ने आरोप लगाया कि पुलिस उसके घर पहुंची, परिवार के साथ अभद्रता की और उसे हिरासत में लेकर मारपीट की गई। उन्होंने मंत्री लखींद्र पासवान पर पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी और डीएसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। तेजस्वी ने चेतावनी दी थी कि कार्रवाई नहीं होने पर आरजेडी आंदोलन करेगी और वैशाली बंद कराया जा सकता है।
अभिजीत की रिपोर्ट