बेटिकट रेल यात्रियों के लिए खौफ बनी लाल गाड़ी, पूमरे के दानापुर मंडल में एक ही दिन में 4.1 लाख जनरल टिकट की बिक्री

Rail News : पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर रेल मंडल ने यात्रियों की संख्या और टिकट बिक्री के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल में एक ही दिन में 4.1 लाख जनरल टिकट की बिक्री दर्ज की गई है, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। दशहरा के बाद से यह रफ्तार लगातार बनी हुई है, जहां प्रतिदिन औसतन चार लाख से अधिक जनरल टिकट बिक रहे हैं। इससे पहले दानापुर मंडल में एक दिन में अधिकतम 2.4 लाख टिकटों की बिक्री हुई थी।
‘लाल गाड़ी’ का असर
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वरीय वाणिज्यिक प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘लाल गाड़ी’ टिकट चेकिंग अभियान का असर साफ दिख रहा है। इस अभियान ने यात्रियों में जागरूकता बढ़ाई है और बेटिकट यात्रा पर रोक लगी है, जिससे टिकट बिक्री में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है।
दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले पटना, दानापुर, राजेंद्रनगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, राजगीर, पटना साहिब, बिहटा और झाझा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर टिकट बिक्री में 25 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि अभियान के दौरान हर महीने करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त हो रहा है, जबकि 50 से 65 हजार बेटिकट यात्रियों को पकड़ा जा रहा है। मंडल में रिजर्वेशन टिकट बुकिंग में भी इजाफा देखा गया है — अब रोजाना करीब 72 हजार यात्री रिजर्वेशन टिकट बुक कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की बढ़ती जागरूकता और लगातार सघन जांच अभियान के चलते दानापुर रेल मंडल रेलवे की कार्यप्रणाली में एक नया मानक स्थापित कर रहा है।