दिवंगत पूर्व सांसद आर.के. सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे लालू प्रसाद, बेटी मीसा भारती और रोहिणी आचार्य संग दी भावभीनी श्रद्धांजलि

राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अन्नपूर्णा आवास पहुंच दिवंगत पूर्व सांसद आर.के. सिन्हा को किया नमन और शोकसंतप्त परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया। इस दौरान उनकी दो बेटियां सांसद मीसा भारती और रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहीं.....

दिवंगत पूर्व सांसद आर.के. सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में पहुं
पूर्व सांसद आर.के. सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे लालू प्रसाद- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता, संस्थापक सदस्य और पूर्व राज्यसभा सांसद दिवंगत आर.के. सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में गुरुवार को बिहार की राजनीति की एक सौहार्दपूर्ण तस्वीर देखने को मिली। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव स्वयं इस श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगत आर.के. सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी पुण्यात्मा की शांति के लिए नमन किया।


सांसद बेटी मीसा भारती और रोहिणी आचार्य भी रहीं मौजूद, परिजनों से की मुलाकात

इस अवसर पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के साथ उनकी बड़ी बेटी और पाटलिपुत्र से सांसद डॉ. मीसा भारती तथा दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। दोनों ने भी दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी संवेदना प्रकट की। श्रद्धांजलि अर्पित करने के पश्चात लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार ने दिवंगत आर.के. सिन्हा के पुत्र ऋतुराज सिन्हा व अन्य परिजनों से मुलाकात कर इस दुखद घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।


सियासी मतभेदों के बावजूद रहे हैं आत्मीय संबंध, दशकों पुरानी रही है पहचान

बिहार की राजनीति में वैचारिक और दलीय मतभेदों के बावजूद लालू प्रसाद यादव और दिवंगत आर.के. सिन्हा के बीच दशकों पुराने व्यक्तिगत और आत्मीय संबंध रहे हैं। पत्रकारिता, समाजसेवा और उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले आर.के. सिन्हा के प्रति सभी दलों के नेताओं में हमेशा सम्मान का भाव रहा है। यही कारण रहा कि स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद लालू प्रसाद यादव स्वयं श्रद्धांजलि सभा में पहुँचकर अपने पुराने परिचित को अंतिम नमन करने पहुँचे।


श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों का जमावड़ा

दिवंगत आर.के. सिन्हा की स्मृति में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में बिहार के विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों का जमावड़ा लगा रहा। सभी ने एक स्वर में कहा कि आर.के. सिन्हा का निधन न केवल राजनीतिक जगत, बल्कि समाजसेवा और उद्योग जगत के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।


एक युग का अंत: समाजसेवा और संगठन के प्रति समर्पण के लिए याद किए जाएंगे आर.के. सिन्हा

गौरतलब है कि एसआईएस (SIS) के संस्थापक और भाजपा के शुरुआती दौर से संगठन को सींचने वाले डॉ. रविंद्र किशोर सिन्हा (आर.के. सिन्हा) ने अपने जीवनकाल में कई महत्वपूर्ण सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों की नींव रखी। श्रद्धांजलि सभा में पहुँचे तमाम गणमान्य लोगों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।


नरोत्तम की रिपोर्ट