Bihar Politics: राजद के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का नामांकन कल, लालू या कोई और..क्या है तेजस्वी का प्लान, जानिए....
Bihar Politics: राजद के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 5 जुलाई को होना है। वहीं कल राजद के प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन किया जाएगा। लालू यादव कल राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन करेंगे।

Bihar Politics: राजद सुप्रीमो लालू यादव सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन करेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार पार्टी कार्यालय में लालू यादव नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान तेजस्वी यादव सहित राजद के तमाम नेता मौजूद रहेंगे। बता दें कि लालू यादव का एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना तय है। 23 जून को लालू यादव नामांकन करेंगे और 5 जुलाई को उनको एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया जाएगा। माना जा रहा है बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है।
लालू यादव करेंगे नामांकन
राजद सूत्रों की मानें तो राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 23 जून को पटना स्थित राजद के केंद्रीय कैंप कार्यालय में होगा। नामांकन के लिए सुबह 10 बजे से 2 बजे के बीच उम्मीदवार को पहुंचना होगा। राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. रामचंद्र पूर्वे के समक्ष नामांकन किया जाएगा। राजद सुप्रीमो कल यानी सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नामांकन करेंगे।
राजद में सांगठनिक चुनाव
मालूम हो कि, राष्ट्रीय जनता दल में सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया अब आखिरी पायदान पर है। इसी क्रम में पार्टी ने हाल ही में अति पिछड़ा वर्ग से आने वाले मंगनी लाल मंडल को बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने जगदानंद सिंह की जगह ली है जो पिछले कई महीनों से पार्टी की गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे।
28 सालों से राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं लालू
गौरतलब है कि वर्ष 1997 में लालू प्रसाद यादव ने जनता दल से अलग होकर आरजेडी का गठन किया था और उसी समय वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए थे। बीते 28 वर्षों में वह लगातार इस शीर्ष पद पर बने हुए हैं। आरजेडी के इस सांगठनिक पुनर्गठन को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
पटना से रंजन की रिपोर्ट