Bihar Politics: दिल्ली से लौटते ही एक्शन में लालू, सुबह सुबह यहां पहुंचे, खरमास बाद खाली करेंगे राबड़ी आवास !

Bihar Politics: राजद सुप्रीमो लालू यादव दिल्ली से लौटते ही एक्शन मोड में आ गए हैं। लालू यादव सुबह सुबह अपने निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण करने पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि खरमास के बाद लालू यादव राबड़ी आवास को छोड़ सकते हैं।

लालू आवास
एक्शन में लालू यादव - फोटो : social media

Bihar Politics:  बिहार में सियासी सरगर्मी थमने का नाम नहीं ले रही है। एक ओर जहां लैंड फॉर जॉब मामले लालू परिवार की मुसीबत बढ़ गई है। वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को राबड़ी आवास को खाली करने की भी जिम्मेदारी है। करीब दो माह पहले भवन विभाग ने राबड़ी आवास को खाली करने का नोटिस लालू परिवार को थमा दिया था। माना जा रहा है खरमास के बाद लालू यादव राबड़ी आवास खाली कर देंगे। जिसका संकेत रविवार को देखने को मिला। 

एक्शन में लालू 

दरअसल, दिल्ली से लौटते ही लालू यादव एक्शन मोड में हैं। लालू यादव सुबह सुबह राबड़ी आवास से अपने काफिले के साथ निकले। लालू यादव कौटिल्य नगर और महुआबाग में निर्माण हो रहे आवास का निरीक्षण करने पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि खरमास के बाद लालू परिवार राबड़ी आवास छोड़ कर कौटिल्य नगर स्थिति आवास पर रहेंगे। 

39 हार्डिंग रोड में फिलहाल शिफ्ट नहीं होगा लालू परिवार

बता दें कि, विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष के लिए अब 39 हार्डिंग रोड को आवंटित कर दिया गया है। ऐसे में राबड़ी आवास को खाली करना होगा। चर्चा थी कि राबड़ी आवास को खाली कर लालू परिवार महुआ बाग स्थित निजी आवास में शिफ्ट होगा लेकिन ताजा मिली जानकारी अनुसार लालू परिवार कौटिल्य नगर इलाके में बन रहा आलीशान मकान में शिफ्ट होगा। कैटिल्य नगर में यह मकान लगभग बनकर तैयार है। सूत्रों की मानें तो खरमास के बाद लालू परिवार शिफ्ट हो सकता है। आज सुबह सुबह लालू इन्हीं दोनों आवास का निरीक्षण करने पहुंचे थे। 

आधुनिक सुविधाओं से लैस है नया ठिकाना 

गौरतलब हो कि लालू यादव के महुआबाग वाले मकान पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इस कारण भी लालू परिवार कौटिल्य नगर में बन रहे आवास पर शिफ्ट हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि कौटिल्य नगर में बन रहा मकान आधुनिक सुविधाओं से लैस है और सुरक्षा के लिहाज से भी उपयुक्त माना जाता है। यह मकान लगभग तैयार है फिनिशिंग का काम भी अंतिम चरण में है। वहीं राजनीतिक जानकारी की मानें तो अगर लालू परिवार कौटिल्य नगर में शिफ्ट होता है तो धीरे धीरे वहीं इलाका राजद की सियासत का नया ठिकाना बन सकता है।  

पटना से रंजन की रिपोर्ट