Lalu Prasad Yadav: लालू यादव की तबीयत बिगड़ी, आज इलाज के लिए जाएंगे दिल्ली AIIMS, कार्यकर्ता और समर्थक चिंतित

Lalu Prasad Yadav: अचानक चक्कर आने और ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव की शिकायत के बाद राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादवको आईजीआईएमएस लाया गया।डॉक्टर्स ने आराम की सलाह दी है।वे इलाज के लिए दिल्ली जा रहे हैं....

Lalu Yadav Unwell Checked at IGIMS Heads to AIIMS Delhi Toda
लालू यादव इलाज के लिए जाएंगे दिल्ली- फोटो : social Media

Lalu Prasad Yadav: राष्ट्रीय जनता दल  सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद शुक्रवार को उन्हें इलाज के लिए पटना स्थित आईजीआईएमएस  लाया गया। अचानक चक्कर आने और ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव की शिकायत के बाद डॉक्टरों की निगरानी में उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। अस्पताल में करीब दो घंटे तक ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई है। चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली में इलाज की सलाह दी है। हालांकि बेहतर इलाज और नियमित फॉलो-अप के लिए वह आज यानी शनिवार को दिल्ली एम्स जाएंगे।

अस्पताल पहुंचने के दौरान लालू यादव के साथ उनकी पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, राज्यसभा सांसद मीसा भारती, बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। आईजीआईएमएस में सबसे पहले उनकी आंखों की जांच नेत्र रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. विभूति प्रसन्न सिन्हा ने की। इसके बाद कार्डियोलॉजी विभाग में उनका ईसीजी कराया गया और डॉक्टरों ने कुछ समय तक उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा। बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 

मीसा भारती ने मीडिया से बातचीत में बताया कि लालू यादव का ब्लड प्रेशर सामान्य नहीं था, इसलिए एहतियात के तौर पर उनका पूरा चेकअप कराया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी सेहत ठीक है, लेकिन चूंकि उनका नियमित इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा है, इसलिए शनिवार को उन्हें आगे की जांच और इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जाएगा।

इस दौरान मीसा भारती ने पटना में अपने आवास के आसपास फैली गंदगी को लेकर भी राज्य सरकार और नगर व्यवस्था पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह समस्या सिर्फ उनके घर के बाहर की नहीं, बल्कि पटना के कई इलाकों की हकीकत है और शहर की साफ-सफाई की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

उधर, हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने चारा घोटाले से जुड़े देवघर कोषागार मामले में सीबीआई की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें लालू यादव को मिली जमानत पर रोक लगाने की मांग की गई थी। शीर्ष अदालत ने झारखंड हाईकोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप से इनकार करते हुए लंबित अपीलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश दिया था। ऐसे में स्वास्थ्य और कानूनी मोर्चे पर एक साथ सुर्खियों में आए लालू यादव की सेहत पर अब पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की निगाहें टिकी हुई हैं।