Bihar Wedding Scam: मंदिर में हुए सात फेरे, सुहागरात से पहले हीं दुल्हन हो गई फरार, माथा पीट रहा है पति

Bihar Wedding Scam: एक दुल्हन गैंग ने पहले मंदिर में शादी की रस्में पूरी कराईं और फिर अगली ही सुबह लाखों रुपये के जेवरात, कपड़े और नकदी लेकर फरार हो गई।

Gaya Fake Bride Flees After Temple Wedding Fraud Gang Suspec
सुहागरात से पहले हीं दुल्हन हो गई फरार- फोटो : reporter

Bihar Wedding Scam: गयाजी  जिले से शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मानपुर इलाके में कथित तौर पर एक दुल्हन गैंग ने पहले मंदिर में शादी की रस्में पूरी कराईं और फिर अगली ही सुबह लाखों रुपये के जेवरात, कपड़े और नकदी लेकर फरार हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मुफस्सिल थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित होंडा कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई रवींद्र कुमार की शादी कराने के नाम पर गया की लालमुनि देवी और बहोरा बिगहा निवासी रवि यादव ने संपर्क किया था। बातचीत के दौरान शादी की पूरी व्यवस्था कराने का भरोसा दिया गया और दूल्हा पक्ष से सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े समेत करीब एक लाख रुपये नकद ले लिए गए।

परिवार के अनुसार, तय कार्यक्रम के मुताबिक मानपुर के कुम्हार टोली स्थित मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी भी संपन्न हुई। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन असली खेल विदाई के बाद सामने आया। अगले दिन जब परिवार गया जंक्शन से वापस लौटने की तैयारी कर रहा था, तभी एक युवक कथित दुल्हन को बाइक पर बैठाकर मौके से फरार हो गया।

कुछ देर बाद जब परिवार को पूरे मामले की भनक लगी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोप है कि शादी के नाम पर पूरी वारदात एक सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई। पीड़ित परिवार का दावा है कि इस फर्जी शादी में कई लोग शामिल हो सकते हैं और यह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा हो सकता है।

जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के इलियास खान और शकील नाम के युवकों की संदिग्ध भूमिका भी सामने आई है। इससे पुलिस को आशंका है कि इस ठगी का नेटवर्क बिहार से बाहर तक फैला हो सकता है।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर एक महिला, जिसे कथित दुल्हन की बहन बताया जा रहा है, और उत्तर प्रदेश के एक अधेड़ व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को खंगाल रही है और जल्द ही शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर शादी के नाम पर होने वाली ठगी के मामलों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत को उजागर कर दिया है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार