स्व. डॉ. के.के. शरण स्मृति बहरापन शिविर : 17 गरीब मरीजों को बांटे गए निःशुल्क श्रवण यंत्र

स्व. डॉ. के.के. शरण स्मृति बहरापन शिविर : 17 गरीब मरीजों को
स्व. डॉ. के.के. शरण स्मृति बहरापन शिविर- फोटो : रोहित

Patna : राजधानी पटना के एग्जीबिशन रोड स्थित नेमा प्लेस में 'पहल' (Public Awareness for Healthful Approach for Living) के तत्वावधान में स्व. डॉ. के.के. शरण स्मृति निःशुल्क बहरापन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ऑडियोलॉजिस्ट श्री सूरज कुमार द्वारा मरीजों की जांच के बाद 17 गरीब मरीजों को निःशुल्क श्रवण यंत्र प्रदान किए गए।


मुख्य अतिथि डॉ. शंकर नाथ ने की संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शंकर नाथ ने 'पहल' संस्था द्वारा समाज हित में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की भूरी-भरी प्रशंसा की। इस दौरान स्वर्गीय डॉ. के.के. शरण और स्वर्गीय लाडली शरण द्वारा समाज के उत्थान के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों को याद किया गया और उनके योगदान पर चर्चा हुई।


विशिष्ट जनों के सौजन्य से मिले श्रवण यंत्र, वीर गांव में चल रहे हैं प्रशिक्षण कार्यक्रम

जरूरतमंदों को श्रवण यंत्र डॉ. दिवाकर तेजस्वी, दिवाक्षी तेजस्वी, सुधाकर तपस्वी एवं विभाकर यशस्वी के सौजन्य से दिए गए। इस अवसर पर 'पहल' के चिकित्सा निदेशक डॉ. दिवाकर तेजस्वी ने बताया कि संस्था द्वारा वीर गांव में पिछले 10 वर्षों से अक्षर ज्ञान, महिलाओं के लिए सिलाई और कंप्यूटर प्रशिक्षण के कार्यक्रम भी नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं।


हर साल आयोजित होने वाले इस शिविर से अब तक 3,600 से अधिक मरीज लाभान्वित

संस्था की सलाहकार एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. किरण शरण ने जानकारी दी कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाता है। इस शिविर की परिकल्पना स्व. डॉ. के.के. शरण ने की थी, और इस सेवा के माध्यम से अब तक 3,600 से अधिक गरीब मरीज लाभान्वित हो चुके हैं।


कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम, वंचितों को मिली राहत

कार्यक्रम के सफल आयोजन के दौरान किशोर कुमार, मनोज कुमार, सुमन कुमार, नीरज कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस मानवीय पहल ने एक बार फिर साबित किया कि समाज के सहयोग से जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।


रोहित की रिपोर्ट