लॉ यूनिवर्सिटी के छात्र मयंक की संदिग्ध मौत; रांची से पटना पहुँचे परिजनों ने कहा- 'हत्या हुई है'

पटना स्थित चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के एलएलएम फाइनल ईयर के छात्र मयंक राज का शव हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध हालत में मिला. जक्कनपुर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी है.

Law University student Mayank dies under suspicious circumst
लॉ यूनिवर्सिटी के छात्र मयंक की संदिग्ध मौत; रांची से पटना पहुँचे परिजनों ने कहा- 'हत्या हुई है'- फोटो : news 4 nation

राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (CNLU) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एलएलएम (LLM) फाइनल ईयर के छात्र मयंक राज का शव हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद पूरे विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रांची का रहने वाला था मेधावी छात्र

मृतक छात्र मयंक राज मूल रूप से झारखंड की राजधानी रांची का रहने वाला था और कॉलेज हॉस्टल में रहकर अपनी कानून की पढ़ाई पूरी कर रहा था। घटना के बाद हॉस्टल कर्मियों ने उसे फंदे से उतारकर तुरंत निजी अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मयंक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जो जानकारी मिलते ही पटना पहुँच चुके हैं।

कमरे से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और प्रेम प्रसंग का पत्र

जक्कनपुर थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे से एक आईफोन, आईपैड और एक पत्र बरामद हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, बरामद पत्र में प्रेम प्रसंग का जिक्र है, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि छात्र अपने निजी रिश्तों को लेकर मानसिक तनाव में था। पुलिस अब कॉल डिटेल और चैट हिस्ट्री खंगाल रही है।

परिजनों ने जताया हत्या का संदेह

भले ही प्राथमिक तौर पर मामला खुदकुशी का लग रहा हो, लेकिन मयंक के परिजनों ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। परिजनों का कहना है कि उनका बेटा काफी समझदार था और वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई का पता लगाने में जुटी है।