Bihar Flood : उत्तर बिहार में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया LN Mishra कॉलेज, मुख्यमंत्री राहत कोष में सौंपे 6.58 लाख रूपये
Bihar Flood :एल एन मिश्रा कॉलेज की ओर से मंत्री नीतीश मिश्रा के नेतृत्व में महाविद्यालय परिवार ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए कुल 6,58,279 रुपये का बैंक ड्राफ्ट मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भेंट किया गया ।
PATNA : ललित नारायण मिश्र कॉलेज ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट, मुजफ्फरपुर का प्रशासन, शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी उत्तर बिहार में आई भीषण बाढ़ एवं हाल ही में तटबंधों के टूटने से उत्पन्न विकट परिस्थितियों से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशील हैं। बाढ़ के कारण अपने घर-बार, आजीविका और दैनिक आवश्यकताओं से वंचित लाखों लोगों की गंभीर कठिनाइयों को देखते हुए महाविद्यालय परिवार ने सामाजिक दायित्व और मानवीय कर्तव्यों के तहत बाढ़ पीड़ितों के साथ एकजुटता व्यक्त करने का निर्णय लिया।
कॉलेज कोष और कर्मचारियों के एक दिन के वेतन से जुटाई गई राशि
आपदा की इस घड़ी में सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से महाविद्यालय प्रशासन ने स्वेच्छा से अपने कोष से 5,00,000 रुपये (पाँच लाख रुपये) दान करने का फैसला लिया। इसके साथ ही, संस्थान के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी अपनी इच्छा से अपने एक दिन का वेतन (कुल 1,58,279 रुपये) सहायता राशि के रूप में समर्पित किया। इस प्रकार कुल 6,58,279 रुपये (छह लाख अट्ठावन हजार दो सौ उन्यासी रुपये) की मदद राशि एकत्र की गई।
मंत्री नीतीश मिश्रा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा गया डिमांड ड्राफ्ट
5 अक्टूबर 2026 को महाविद्यालय शासी निकाय के अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के नगर विकास व आवास तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा के नेतृत्व में महाविद्यालय परिवार ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए कुल 6,58,279 रुपये का बैंक ड्राफ्ट मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भेंट किया।
राहत कोष में दी गई राशि से मानवीय सेवा का जताया भरोसा
सहायता राशि सौंपने के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि यद्यपि यह राशि बाढ़ से प्रभावित विशाल आबादी के दुख-दर्द को पूरी तरह दूर करने के लिए पर्याप्त नहीं है, लेकिन इस छोटे से प्रयास के माध्यम से पीड़ित परिवारों की मदद और समाज सेवा की दिशा में आशा की एक किरण जलाने की कोशिश की गई है।
महाविद्यालय परिवार को सहयोग देकर मिला आत्मिक संतोष और गौरव
इस मानवीय और सामाजिक पहल को पूरा करने के बाद ललित नारायण मिश्र कॉलेज ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के कुलसचिव कुमार शरतेन्दु शेखर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि विपदा के समय में अपने सामाजिक कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए इस विनम्र प्रयास से पूरे महाविद्यालय परिवार को अपार आत्मिक संतोष और गौरव की अनुभूति हो रही है।