पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोकामा के चिंतामणिचक TOP प्रभारी सस्पेंड, साजिश के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने का था आरोप

पटना के मोकामा थानांतर्गत चिंतामणिचक टीओपी (TOP) प्रभारी पु०अ०नि० राजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी (ग्रामीण) ने उनपर यह कार्रवाई साजिष रचकर एक व्यक्ति को झूठे केस में फंसाने को लेकर की है....

पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोकामा के चिंतामणिचक TOP प्रभार
सांकेतिक तस्वीर- फोटो : सोशल मीडिया

Patna : पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने कर्तव्य में लापरवाही, संदिग्ध आचरण और अनुशासनहीनता के आरोप में मोकामा थानांतर्गत चिंतामणिचक टीओपी (TOP) प्रभारी पु०अ०नि० राजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कार्यालय, पटना द्वारा मंगलवार को दी गई है।


क्या था पूरा मामला?

एसपी कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को टीओपी प्रभारी राजेश कुमार द्वारा शराब बरामदगी और अभियुक्त रंजन कुमार की गिरफ्तारी दिखाते हुए मोकामा थाना कांड संख्या-414/26 दर्ज कराया गया था। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के परिजनों ने आरोप लगाया कि टीओपी प्रभारी ने षड्यंत्रपूर्वक साजिश रचकर रंजन कुमार को इस झूठे मामले में फंसाया है।


थानाध्यक्ष की जांच में सही पाए गए आरोप

मामले की गंभीरता को देखते हुए मोकामा थानाध्यक्ष द्वारा इसकी विस्तृत जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया परिजनों द्वारा लगाया गया आरोप सत्य पाया गया। यह बात सामने आई कि टीओपी प्रभारी राजेश कुमार की यह कार्रवाई कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, संदिग्ध आचरण और पुलिस महकमे की छवि को धूमिल करने वाली है।


निलंबन के साथ विभागीय जांच शुरू

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने राजेश कुमार द्वारा बरती गई मनमानी और अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ अनुशासनिक जांच प्रारंभ करने का आदेश दिया है। 


पटना पुलिस ने अपने संदेश में दोहराया है कि पुलिसकर्मियों के आचरण और जवाबदेही में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आमजन के विश्वास को प्रभावित करने वाले कृत्यों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


प्रिय दर्शन की रिपोर्ट