गोपालगंज ADM पर विशेष निगरानी इकाई का बड़ा एक्शन: आय से अधिक संपत्ति मामले में एफआईआर दर्ज, पटना, रोहतास और गोपालगंज में छापेमारी
गोपालगंज एडीएम राजेश्वरी पांडेये के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। एडीएम राजेश्वी पांडेय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है......
Patna : गोपालगंज एडीएम राजेश्वरी पांडेये के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। एडीएम राजेश्वी पांडेय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। उक्त जानकारी विशेष निगरानी इकाई (SVU) के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि विश्वसनीय सूचना के सत्यापन के उपरांत गोपालगंज के अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) राजेश्वरी पांडेय के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में विशेष निगरानी इकाई थाना में कांड संख्या-26/2026 (दिनांक 08.10.2026) धारा-13(2) सह-पठित 13(1)(इ), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के अनुसंधानकर्ता वरिष्ठ पुलिस उपाध्यक्ष (DySP) लव कुमार बनाए गए हैं।
2010 से अब तक अकूत अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजेश्वरी पांडेय ने वर्ष 2010 में सरकारी सेवा में योगदान देने के बाद से विभिन्न स्थानों पर पदस्थापन के दौरान अवैध व भ्रष्ट तरीकों से अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने अवैध कमाई को अपनी पत्नी और बच्चों के बैंक खातों के माध्यम से वित्तीय संस्थाओं, फिक्स्ड डिपॉजिट (FD), शेयर बाजार (LIC, SBI Life, Adani Power, Jubilant, Hindustan Unilever, NMDC, SJVN आदि) तथा म्यूट्यूअल फंड्स में भारी निवेश किया है। इसके अलावा अपने पैतृक गांव ठोरसन (रोहतास) और पटना समेत अन्य स्थानों पर परिजनों के नाम से अनेक भूखंड व फ्लैट खरीदे हैं।
पटना, रोहतास और गोपालगंज के 4 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर 09.10.2026 को विशेष निगरानी इकाई की टीमों ने ADM के 4 परिसरों में एक साथ छापेमारी की:
- फ्लैट नं.-206, A ब्लॉक, भवानी सिटी अपार्टमेंट, RPS स्कूल के पास, रूपसपुर, पटना।
- ग्राम-ठोरसन, थाना-करगहर, जिला-रोहतास स्थित पैतृक/स्वनिर्मित मकान।
- गोपालगंज समाहरणालय स्थित ADM कार्यालय।
- गोपालगंज स्थित ADM का सरकारी आवास।
12 अचल संपत्तियां, 35 बैंक खाते, FD और सोने-चांदी के गहने बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के ठिकानों से वाराणसी, ठोरसन (रोहतास) और सासाराम में अवैध रूप से अर्जित 5 नए भू-खंडों के दस्तावेज मिले हैं। इस प्रकार कुल 12 अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है। इसके अतिरिक्त, SBI, PNB, HDFC और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के कुल 35 बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट कागजात, भारी मात्रा में नकद, सोने-चांदी के आभूषण और महंगे सामानों की खरीदारी के बिल/वाउचर बरामद किए गए हैं। बरामद दस्तावेजों के आधार पर प्राथमिकी में वर्णित आरोपों की तुलना में काफी अधिक अप्रत्यानुपातिक संपत्ति उजागर हुई है।
गोपालगंज और रोहतास में कार्रवाई जारी, हेल्पलाइन नंबर जारी
ADM राजेश्वरी पांडेय के गोपालगंज आवास और रोहतास स्थित पैतृक गांव में सर्च ऑपरेशन खबर लिखे जाने तक जारी है, जहां से और भी चल-अचल संपत्ति के कागजात मिलने की संभावना है। SVU ने आम जनता के लिए अपील जारी करते हुए कहा है कि रिश्वत मांगने से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए कार्यालय अवधि में दूरभाष 0612-2506253 या मोबाइल 9031633641 पर संपर्क किया जा सकता है।
अनिल की रिपोर्ट