बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों का तबादला और अतिरिक्त प्रभार, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

बिहार मे एकबार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। सरकार ने कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण के साथ-साथ अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेवारी सौंपी है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है....

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों का
बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल- फोटो : सांकेतिक तस्वीर

Patna : बिहार में एकबार फिऱ बड़ा प्रशासनिक फेर-बदल हुआ है। राज्य सरकार ने कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इसकी अधिसूचना जारी की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य में प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियों दी गई है।


सी. के. अनिल बने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव

जारी अधिसूचना के अनुसार, 1991 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और परामर्शदाता (बिहार राज्य योजना परिषद, पटना) सी. के. अनिल को उनके वर्तमान पद से स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्हें अगले आदेश तक अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग, बिहार, पटना के महत्वपूर्ण पद पर पदस्थापित किया गया है।


अरविन्द कुमार चौधरी को कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत 1995 बैच के आईएएस अधिकारी अरविन्द कुमार चौधरी को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पास पहले से परीक्षा नियंत्रक (बिहार संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद) और महानिदेशक (बिपार्ड) का अतिरिक्त प्रभार है, और अब वे अगले आदेश तक कृषि उत्पादन आयुक्त, कृषि विभाग के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।


पंकज कुमार जांच आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार से हुए मुक्त

गृह विभाग के प्रधान सचिव (1997 बैच के आईएएस अधिकारी) पंकज कुमार के संबंध में भी आदेश जारी किया गया है। वे वर्तमान में प्रधान सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग तथा जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, जिन्हें अब जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।


अमित कुमार पांडेय को कृषि विभाग का अतिरिक्त प्रभार

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना के अपर सचिव (2014 बैच के आईएएस अधिकारी) अमित कुमार पांडेय की जिम्मेदारियों में भी विस्तार किया गया है। उन्हें अगले आदेश तक अपर सचिव, कृषि विभाग, बिहार के पद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। 


यह पूरी अधिसूचना बिहार राज्यपाल के आदेश से सामान्य प्रशासन विभाग के विशेष सचिव संजय कुमार के हस्ताक्षर द्वारा जारी की गई है।