शिक्षा मंत्री का बड़ा एलान : शनिवार को विद्यालयों में रहेगा हाफ डे, शिक्षकों के तबादला के लिए इस तिथि से दोबारा खुलेगा पोर्टल

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को मदन मोहन सभागार में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और निर्णयों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने एलान किया कि अब प्रदेश के सरकारी स्कूलो में प्राइवेट स्कूलों की तरह अच्छी व्यवस्थाएं होगी

शिक्षा मंत्री का बड़ा एलान : शनिवार को विद्यालयों में रहेगा
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा एलान- फोटो : वंदना

Patna : शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को मदन मोहन सभागार में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और निर्णयों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि शिक्षकों के स्वैच्छिक स्थानांतरण के लिए खोला गया पोर्टल बुधवार रात बंद हो गया है और अब आगे स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि अब यह व्यवस्था हर पांच वर्ष पर लागू की जाएगी, जो लंबे समय से शिक्षक संगठनों की प्रमुख मांग थी।


अब से हर शनिवार को विद्यालयों में रहेगा 'हाफ डेऔर 'नो बैग डे' 

मंत्री ने घोषणा की कि आगामी शनिवार से राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में हाफ डे रहेगा और इसे 'नो बैग डे' के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन बच्चों को बिना बस्ते के स्कूल आना होगा और विद्यालयों में पढ़ाई के बजाय उत्सव, रचनात्मक गतिविधियों, फाइन आर्ट, संगीत तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त 9 और 10 अगस्त को शिक्षा अधिकारियों का दो दिवसीय चिंतन शिविर भी आयोजित होगा।


17 सितंबर से दोबारा खुलेगा पोर्टल, 31 अक्टूबर तक समस्याओं के समाधान का लक्ष्य 

उन्होंने कहा कि जो शिक्षक इस बार स्थानांतरण के लिए आवेदन नहीं कर पाए हैं, उनके लिए 17 सितंबर से पोर्टल दोबारा खोला जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि 31 अक्टूबर तक शिक्षकों की सभी प्रमुख समस्याओं का समाधान करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। वहीं टीआरई-4 (TRE-4) भर्ती को लेकर उन्होंने जानकारी दी कि विभाग की ओर से अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी गई है और आगे की प्रक्रिया आयोग पूरा करेगा।


सरकारी स्कूलों में लागू होंगी निजी विद्यालयों की अच्छी व्यवस्थाएं 

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि निजी विद्यालयों की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं को सरकारी स्कूलों में भी लागू करने का प्रयास किया जाएगा। फाइन आर्ट और संगीत सहित विभिन्न विषयों में नए शिक्षकों की बहाली की जाएगी। शिक्षक संगठनों और विरोधियों से संवाद की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सभी पक्षों की बात सुनकर समाधान निकालने के लिए तैयार है, ताकि बिहार के हर छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।


शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में सहयोग की अपेक्षा 

विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बाद शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों से भी अपील की कि वे विद्यार्थियों की शिक्षा के स्तर और गुणवत्ता को बढ़ाने में अपना पूरा सहयोग दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार शिक्षा क्षेत्र में लगातार नवाचार को बढ़ावा दे रही है और संवाद के माध्यम से सभी मुद्दों को सुलझाकर राज्य की शिक्षा व्यवस्था को एक नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।


वंदना की रिपोर्ट