बिहार के मेजर आशीष रंजन का शानदार प्रदर्शन, 3 स्वर्ण पदक के साथ बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

आशीष रंजन ने 50 मीटर Surface Finswimming में 21.01 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने अपना ही पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले उनका रिकॉर्ड 23.85 सेकंड का था।

Major Ashish Ranjan
Major Ashish Ranjan- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के मोकामा प्रखंड के औंटा निवासी मेजर आशीष रंजन ने 6वीं नेशनल फिनस्विमिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। USFI की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में आशीष रंजन ने 50 मीटर Surface Finswimming स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी कायम किया।


आशीष रंजन ने 50 मीटर Surface Finswimming में 21.01 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने अपना ही पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले उनका रिकॉर्ड 23.85 सेकंड का था। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने प्रतियोगिता में सभी आयु वर्गों के बीच भी सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया।


इसके अलावा उन्होंने 50 मीटर Apnea स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 19.59 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 4×100 मीटर Bifins Relay में भी आशीष रंजन की टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।


एक ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक और एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड हासिल करने के बाद आशीष रंजन की उपलब्धि की क्षेत्र में सराहना हो रही है। औंटा, मोकामा से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर फिनस्विमिंग में यह प्रदर्शन स्थानीय लोगों के लिए भी गौरव का विषय बना है।


आशीष रंजन की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड बनाने और तीन स्वर्ण पदक जीतने के साथ मेजर आशीष रंजन ने मोकामा और बिहार का नाम खेल जगत में रोशन किया है।