पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हथियार के साथ 02 अपराधी गिरफ्तार और 02 नाबालिग निरुद्ध, कट्टा-कारतूस बरामद
SSP और City Sp, West के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है......
Patna : पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पिपलावां थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 3 सितम्बर को पुलिस को सूचना मिली कि खरंजा गांव निवासी धीरज कुमार अपने सहयोगियों के साथ मिलकर किसी संगीन अपराध की साजिश रच रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए गठित टीम ने खरंजा गांव में छापेमारी कर धीरज कुमार को दबोच लिया।
निशानदेही पर देशी कट्टा और मोबाइल बरामद
पकड़े गए धीरज कुमार से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो इस साजिश में शामिल सह-अभियुक्त सहदेव पासवान का नाम सामने आया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सहदेव पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया। सहदेव की निशानदेही पर उसके घर से 1 देशी कट्टा और 1 मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस संबंध में पिपलावां थाना में मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नौबतपुर के गोनवां में दो विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध
वहीं दूसरी ओर, नौबतपुर थाना क्षेत्र के गोनवां गांव में 2 सितम्बर की रात पुलिस को अवैध हथियार के साथ संदिग्धों के घूमने और आपराधिक घटना की योजना बनाने की गुप्त सूचना मिली। पुलिस टीम ने गोनवां गांव में छापेमारी कर अपराध की योजना बना रहे 2 विधि-विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) को मौके से पकड़कर निरुद्ध कर लिया।
घर में छुपाकर रखा कट्टा और जिंदा कारतूस जब्त
निरुद्ध किए गए किशोरों की निशानदेही पर उनके घर में छिपाकर रखा गया 1 देशी कट्टा और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इस मामले में नौबतपुर थाना (गोनवां ओपी) में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इन बालकों के आपराधिक इतिहास और हथियार के स्रोत का पता लगा रही है।
छापेमारी टीम की सजगता से टली वारदात
इस पूरे अभियान में पिपलावां थानाध्यक्ष, गोनवां ओपी प्रभारी, सहायक अवर निरीक्षक और सशस्त्र बल के जवानों की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की इस समयबद्ध और सटीक कार्रवाई से पश्चिमी पटना क्षेत्र में होने वाली संभावित आपराधिक घटनाएं टल गई हैं।
रंजीत की रिपोर्ट