पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई : हेरोइन और नकदी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

राजधानी पटना में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में पटना के नदी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेराोइन के साथ दो तस्करों को दबोचा है.....

पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई : हेरोइन और नकदी के साथ दो तस्कर
हेरोइन और नकदी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : राजधानी पटना में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में नदी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जेठुली घाट के पास से दो शातिर तस्करों को रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन (स्मैक), नगदी और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक मोटरसाइकिल बरामद की है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान 26 वर्षीय कुंदन कुमार और 23 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो दीदारगंज थाना क्षेत्र के हनुमानचक गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।


बरामदगी और तलाशी 

पुलिस ने तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 41 पुड़िया में रखी कुल 23.58 ग्राम हेरोइन (स्मैक), 5,500 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल (BR01JV9199) जब्त की है। पुलिस का मानना है कि यह खेप इलाके में किसी बड़े ग्राहक या छोटे तस्करों को सप्लाई करने के लिए लाई जा रही थी।


एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज 

नदी थाना पुलिस ने बरामद सभी मादक पदार्थों और अन्य सामानों को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस बात की गहन छानबीन कर रही है कि इस अवैध नशे की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य कौन-कौन लोग पर्दे के पीछे सक्रिय हैं।


रंजीत की रिपोर्ट