पटना पुलिस की बड़ी कामयाबी : महज 6 घंटे में लूट का सफल उद्भेदन, हथियार और लूटे गए सामान के साथ 2 गिरफ्तार

पटना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महज 6 घंटे के अंदर लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए लूट के सामान के साथ दो आरोपियों को धर दबोचा है.....

पटना पुलिस की बड़ी कामयाबी : महज 6 घंटे में लूट का सफल उद्भे
महज 6 घंटे में लूट का सफल उद्भेदन- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के सुल्तानगंज थाना अंतर्गत लॉ कॉलेज रोड, रानीघाट के समीप मंगलवार (4 अगस्त 2026) को बेखौफ अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। दो अज्ञात बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर एक व्यक्ति से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और इलाके की नाकेबंदी कर त्वरित कार्रवाई शुरू की।


पुलिस ने खदेड़कर एक अभियुक्त को दबोचा, देशी कट्टा बरामद

पीड़ित से सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अपराधियों का पीछा किया और मुस्तैदी दिखाते हुए एक अभियुक्त को मौके के आसपास से धर दबोचा। तलाशी के दौरान गिरफ्तार अपराधी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया 01 देशी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस हिरासत में जब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने स्वीकार किया कि छीने गए पैसे और मोबाइल उसके फरार साथी के पास हैं।


पटना पूर्वी एसपी शैलजा का खुलासा: 6 घंटे में सुलझी लूट की गुत्थी

मामले का विस्तृत खुलासा करते हुए पटना पूर्वी सिटी एसपी शैलजा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू की। गुप्त सूचना और आसूचना संकलन के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने सुनियोजित तरीके से छापेमारी की। इस त्वरित कार्रवाई के बदौलत घटना के महज 6 घंटे के भीतर पुलिस ने कांड में संलिप्त दूसरे अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया।


लूटा गया मोबाइल और नकदी बरामद, अपराधियों पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी

दूसरे अभियुक्त की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने पीड़ित से लूटा गया मोबाइल फोन और 1,310 नकद भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिए हैं। पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। फिलहाल पुलिस दोनों गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।


अनिल की रिपोर्ट