नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना कार्यालय के नाम से जारी फर्जी प्रेस विज्ञप्ति निकली फर्जी, पुलिस कर रही कानूनी कार्रवाई
Patna : नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के कार्यालय द्वारा एक स्पष्टीकरण सह प्रेस विज्ञप्ति जारी कर फर्जी खबरों और भ्रामक दस्तावेजों के खिलाफ सख्त चेतावनी दी गई है। कहा गया है कि पुलिस प्रशासन के संज्ञान में आया है कि 25 अगस्त 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के नाम, पत्रांक संख्या (661/26), आधिकारिक ईमेल आईडी और दूरभाष नंबर का अनधिकृत इस्तेमाल कर एक फर्जी प्रेस विज्ञप्ति तैयार कर मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित की जा रही थी।
असामाजिक तत्वों द्वारा तैयार की गई फर्जी प्रेस विज्ञप्ति
जांच में यह बात पूरी तरह स्पष्ट हो गई है कि प्रसारित की जा रही प्रेस विज्ञप्ति फर्जी (FAKE) है और इसे नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना द्वारा जारी नहीं किया गया है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पुलिस प्रशासन की आधिकारिक मुहर, पत्रांक और संपर्क विवरणी की नकल कर इस अवैध और भ्रामक प्रेस विज्ञप्ति को तैयार एवं प्रसारित किया गया था।
फर्जी विज्ञप्ति को निरस्त कर मीडिया से हटाने के निर्देश
पटना पुलिस प्रशासन ने फर्जी प्रेस विज्ञप्ति को पूरी तरह निरस्त करते हुए सभी मीडिया घरानों, डिजिटल न्यूज पोर्टलों और सोशल मीडिया चैनलों से इसे तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही इस तरह के फर्जी और भ्रामक दस्तावेज तैयार कर भ्रम फैलाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है।
असामाजिक तत्वों के खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की तैयारी
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि सरकारी पत्र, पत्रांक और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर व विवरण का दुरुपयोग करना एक गंभीर अपराध है। इस मामले में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अनिल की रिपोर्ट