मनेर के विशाल कुमार ने UPSC CAPF में लहराया परचम,ऑल इंडिया 80वीं रैंक हासिल कर बनेंगे असिस्टेंट कमांडेंट

पटना जिले के मनेर प्रखंड के विशाल कुमार ने UPSC CAPF परीक्षा में ऑल इंडिया 80वीं रैंक हासिल कर असिस्टेंट कमांडेंट का पद हासिल किया है। जानिए उनकी सफलता की कहानी और शैक्षणिक सफर।

UPSC CAPF AIR 80 Vishal Kumar from Maner
मनेर के लाल ने देश भर में लहराया परचम.बना सिस्टेंट कमांडेंट- फोटो : Reporter

पटना जिले के मनेर प्रखंड अंतर्गत सहालीचक गांव के मेधावी छात्र विशाल कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) परीक्षा में ऑल इंडिया 80वीं रैंक हासिल की है। इस शानदार और ऐतिहासिक सफलता से विशाल ने न केवल अपने गांव बल्कि पूरे पटना जिले का मान बढ़ाया है। परीक्षा में सफलता के बाद अब विशाल भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन एक प्रतिष्ठित राजपत्रित अधिकारी के रूप में 'असिस्टेंट कमांडेंट' के पद पर तैनात होंगे।


दूसरे प्रयास में मिली बड़ी सफलता, अब सिविल सेवा पर नजर

विशाल ने यह मुकाम अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर अपने दूसरे ही प्रयास में हासिल किया है। अपनी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए विशाल ने बताया कि असिस्टेंट कमांडेंट बनना उनके सपनों की पहली सीढ़ी है और उनका अगला मुख्य लक्ष्य यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (CSE) उत्तीर्ण कर देश सेवा करना है। विशाल की इस कामयाबी से उनके घर-परिवार में खुशी का माहौल है।

घर का इकलौता बेटा बना पूरे इलाके की प्रेरणा

विशाल की इस स्वर्णिम सफलता से उनके पिता रामनरेश राय और माता सोना देवी फूले नहीं समा रहे हैं। तीन बहनों के बीच अकेले भाई विशाल की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का नया स्रोत भी बन गए हैं। परिजनों ने बताया कि विशाल बचपन से ही पढ़ाई-लिखाई में काफी होनहार और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं।


मनेर से दिल्ली तक का तय किया शानदार शैक्षणिक सफर

विशाल की प्रारंभिक शिक्षा मनेर स्थित हिमालयन इंटरनेशनल स्कूल से पूरी हुई। इसके बाद उन्होंने पटना सेंट्रल स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए वे दिल्ली चले गए, जहाँ उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित दयाल सिंह कॉलेज से केमिस्ट्री ऑनर्स में स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री हासिल की। मजबूत शैक्षणिक आधार ने ही उन्हें यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बधाई देने वालों का लगा तांता, उज्ज्वल भविष्य की कामना

विशाल की इस बड़ी कामयाबी पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों ने उन्हें बधाई दी है। पूर्व विधायक श्रीकांत निराला, प्रो0 सूर्यदेव त्यागी, मुख्य पार्षद विद्याधर विनोद, उपाध्यक्ष शंकर कुमार यादव तथा हिमालयन इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक नीरज कुमार व अरुण कुमार समेत कई गणमान्य लोगों और शिक्षकों ने विशाल को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल व स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।