पटना में आस्था और सेहत से खिलवाड़! फूलों के कोल्ड स्टोरेज में मांस-मछली के साथ मिलीं लाखों की मिठाइयां
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को कोल्ड स्टोरेज में छापेमारी की। जांच के दौरान वहां बड़ी मात्रा में मिठाइयां बरामद हुईं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। खाद्य पदार्थों के भंडारण में गंभीर लापरवाही भी सामने आई।
Bihar News : पटना में त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत और आस्था से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। राजधानी के अनीसाबाद स्थित शालीमार कोल्ड स्टोरेज में फूलों के भंडारण की आड़ में मांस, मछली, अंडे और अन्य खाद्य पदार्थों को एक ही परिसर में रखा जा रहा था। दीपावली के बाजार में पुरानी मिठाइयों को रिसाइकिल कर दोबारा बेचने की आशंका ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
मामले की सूचना मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को कोल्ड स्टोरेज में छापेमारी की। जांच के दौरान वहां बड़ी मात्रा में मिठाइयां बरामद हुईं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। खाद्य पदार्थों के भंडारण में गंभीर लापरवाही भी सामने आई। परिसर में गंदगी के साथ चूहों का मल पाया गया। एक ही स्थान पर फूलों के अलावा मांस-मछली और अंडे जैसे खाद्य पदार्थों को रखने की व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं।

पुरानी मिठाइयों को दोबारा बेचने की आशंका
खाद्य सुरक्षा विभाग को आशंका है कि दीपावली के बाजार में पुरानी मिठाइयों को रिसाइकिल कर दोबारा बेचने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, इस आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। विभाग की टीम ने बरामद मिठाइयों को जब्त कर लिया है और उनकी गुणवत्ता तथा भंडारण से जुड़े नियमों की जांच की जा रही है।

त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों के भंडारण में इस तरह की लापरवाही लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मुकेश कश्यप ने बताया कि मामले में जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अनिल की रिपोर्ट