Bihar News : मिलर हाई स्कूल के जीर्णोद्धार की तेज हुई कवायद, मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीन IAS अधिकारियों ने तकनीकी टीम के साथ किया स्कूल का सर्वेक्षण
Bihar News : पटना स्थित मिलर हाई स्कूल के जीर्णोद्वार की कवायद तेज कर दी गयी है. इसी कड़ी में तीन अधिकारियों ने तकनीकी टीम के साथ स्कूल का निरीक्षण किया......पढ़िए आगे
PATNA : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निरीक्षण के बाद पटना के ऐतिहासिक मिलर हाई स्कूल के आधुनिकीकरण एवं जीर्णोद्धार की दिशा में ऊर्जा विभाग द्वारा कार्रवाई काफी तेज कर दी गई है. इसी कड़ी में मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय टीम ने विद्यालय परिसर का सघन दौरा किया. टीम में शामिल अधिकारियों ने तकनीकी विशेषज्ञों के साथ मिलकर स्कूल की वर्तमान स्थिति को देखा और आगे के ब्लूप्रिंट पर विस्तृत चर्चा की.
इस विशेष निरीक्षण अभियान में बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) के प्रबंध निदेशक डॉ. नवल किशोर चौधरी, पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा तथा बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (BSPGCL) के प्रबंध निदेशक विशाल राज मुख्य रूप से शामिल थे. इन अधिकारियों ने तकनीकी टीम के साथ मिलकर विद्यालय परिसर का व्यापक सर्वेक्षण किया. यह पूरी कवायद ऊर्जा सचिव अजय यादव के सीधे पर्यवेक्षण और दिशा-निर्देश में संपन्न हुई.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और तकनीकी टीम ने मिलर हाई स्कूल के भवनों की वर्तमान स्थिति, मूलभूत आधारभूत संरचनाओं तथा वहां उपलब्ध वर्तमान सुविधाओं का विस्तृत तकनीकी आकलन किया. इसके साथ ही परिसर में स्थित विभिन्न पुराने भवनों एवं संरचनाओं का बारीकी से सर्वेक्षण किया गया, ताकि उनके ऐतिहासिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए सुदृढ़ीकरण, संरक्षण एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने से जुड़े तकनीकी पहलुओं की रूपरेखा तैयार की जा सके.
मौके पर मौजूद उच्चाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिलर हाई स्कूल की ऐतिहासिक धरोहर और इसके पुराने गौरव को अक्षुण्ण रखते हुए ही इसके जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण का कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा. ऊर्जा विभाग द्वारा मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप इस पूरी परियोजना को उच्च गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने की दिशा में सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं.
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण और सर्वेक्षण के अवसर पर मिलर हाई स्कूल की प्राचार्या किरण कुमारी भी मौजूद रहीं, जिन्होंने अधिकारियों को स्कूल की आवश्यकताओं से अवगत कराया. इसके अलावा शिक्षा विभाग तथा पटना नगर निगम के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे. इस पहल से उम्मीद जगी है कि जल्द ही मिलर हाई स्कूल नए और आधुनिक रूप में विद्यार्थियों के सामने होगा.