Bihar News : मंत्री संतोष कुमार सुमन ने राहुल गांधी पर किया बड़ा हमला, 'विदेशी ताकतों के हाथों इस्तेमाल होने की जताई आशंका
Bihar News : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की राजनीतिक गतिविधियों पर कड़े सवाल उठाए हैं।
PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री डॉ संतोष कुमार सुमन ने कहा की राहुल गांधी की राजनीति अब गंभीर सवालों के घेरे में है। एसआईआर के नाम पर सड़क पर हंगामा, निर्वाचन आयोग पर लगातार हमले और विदेशी कारोबारी एलन मस्क के साथ उनके संवाद को अलग-अलग घटनाओं के रूप में नहीं देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा की प्रबल आशंका है कि कुछ विदेशी ताकतें भारत में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने और देश की आर्थिक मजबूती को कमजोर करने के लिए राहुल गांधी का इस्तेमाल कर रही हैं। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और राहुल गांधी को देश के सामने अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। भारत के उद्योगपतियों, स्वदेशी उद्योगों और आर्थिक आत्मनिर्भरता को कमजोर करने की कोशिशें देश के हित में नहीं हैं।
उन्होंने कहा की कुछ विदेशी शक्तियां भारतीय बाजार और अर्थव्यवस्था पर अपना वर्चस्व स्थापित करना चाहती हैं, तो यह देश के लिए गंभीर चिंता का विषय है। जिस तरह ईस्ट इंडिया कंपनी ने व्यापार के रास्ते भारत में अपना एकाधिकार स्थापित किया था, उस इतिहास को हमें नहीं भूलना चाहिए। आज भी किसी विदेशी ताकत को भारत की अर्थव्यवस्था और राजनीति को अपने हितों के अनुसार संचालित करने की छूट नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा की भारत में न अराजकता स्वीकार होगी, न विदेशी हस्तक्षेप और न ही देश की संप्रभुता से कोई समझौता! राहुल गांधी को स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी राजनीति देश के हितों के लिए है या विदेशी कारोबारी हितों के समर्थन में। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन देश की संस्थाओं को कमजोर करने और राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की किसी भी कोशिश का जनता को जवाब देना चाहिए।