'तहकीकात भी होगी, कार्रवाई भी सख्त होगी!' वैशाली में प्रिंस इनकाउंटर पर नीतीश कुमार के मंत्री का बड़ा बयान

बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने वैशाली में हुए प्रिंस एनकाउंटर पर जांच का भरोसा दिया है। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर जनादेश का अपमान करने और काल्पनिक दावे करने का आरोप लगाया।

'तहकीकात भी होगी, कार्रवाई भी सख्त होगी!' वैशाली में प्रिंस

Patna - बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने वैशाली में हुए हालिया पुलिस एनकाउंटर (प्रिंस एनकाउंटर) पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी घटना के हर पहलू पर नजर रखती है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए आश्वासन दिया कि एनकाउंटर की परिस्थितियों की पूरी जांच की जाएगी ताकि सच्चाई सामने आ सके। 

अपराधियों पर नकेल कसने की प्रतिबद्धता

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में कानून का राज है और अपराधियों के खिलाफ सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाती है। उन्होंने बताया कि राज्य में बड़े पैमाने पर अपराधी पकड़े जा रहे हैं और उन्हें कानून के हवाले किया जा रहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता में सुरक्षा का भाव जगाना है। 

विपक्ष के आरोपों पर तीखा प्रहार

एनकाउंटर और बजट को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष हवा में तीर चला रहा है। चुनाव और जनादेश का अपमान करना विपक्ष की पुरानी आदत रही है। श्रवण कुमार ने चुटकी लेते हुए कहा कि विपक्ष खुद ही शपथ ग्रहण की तारीखें तय करता रहता है, जबकि जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है। 

पंडितजी और पत्रा का जिक्र

विपक्ष पर तंज कसते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि विपक्ष ने शायद किसी पंडितजी से पत्रा दिखाकर सरकार गिरने या शपथ लेने का समय निकलवाया था, जो कभी सच नहीं हुआ। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले विधानसभा चुनाव में जनता ने विपक्ष को 35 सीटों पर आउट कर दिया था और अगर यही रवैया रहा, तो आने वाले समय में वे शून्य पर भी आउट हो सकते हैं। 

पुलिस कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का भरोसा

एनकाउंटर में सीधे गोली मारे जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि पुलिस किन परिस्थितियों में जवाबी कार्रवाई करती है, यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा, "मैं इस मामले की पूरी तहकीकात करवाऊंगा और पता करूंगा कि असल परिस्थिति क्या थी।" उन्होंने दोहराया कि जो भी कानून के खिलाफ काम करेगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रिपोर्ट - रंजन कुमार