मीसा भारती का एनडीए सरकार पर तीखा हमला : 'छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाली बिहार में निकम्मी सरकार, नीतीश कुमार को दो नेताओं ने कर रखा है हाईजैक
बिहार में चल रहे छात्र और किसान आंदोलन पर राजनीति शुरु हो गई है। बीते दिनों छात्रों और किसानों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठी चार्ज को लेकर राजद सांसद मीसा भारती ने सरकार पर तीखा हमला बोलीं है। उन्होंने कहा है कि बिहार सरकार निक्कमी और हत्यारी है...
Patna : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की राज्यसभा सांसद और लालू प्रसाद की बड़ी बेटी डॉ. मीसा भारती ने बिहार की एनडीए सरकार पर जोरदार हमला बोली हैं। राजधानी पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल लाठी चलाने वाली सरकार बनकर रह गई है। छात्र शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उन पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया। सिवान की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में एके-47 से गोलियां चल रही हैं। सिवान के डीएम और एसपी को भले हटा दिया गया हो, लेकिन उनके लिए कोई अच्छी जगह तलाशी जा रही है, इसीलिए अब तक नई पोस्टिंग नहीं की गई है।
नीतीश कुमार की चुप्पी और 'हाईजैक' का लगाया गंभीर आरोप
पूर्व सीएण नीतीश कुमार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए मीसा भारती ने कहा, "अगर उनकी तबीयत खराब है तो कोई बात नहीं, नीतीश जी से हमारे पारिवारिक संबंध हैं, इसलिए मैं उस पर कुछ नहीं बोलूंगी। लेकिन अगर तबीयत खराब नहीं है तो फिर असली मामला क्या है, यह बिहार की जनता को पता चलना चाहिए।" उन्होंने आरोप लगाया कि जदयू नेता संजय झा और ललन सिंह ने उनको एक तरह से बंधक और हाईजैक करके रखा है। उन्होंने कहा, "मैंने खुद नीतीश जी को प्रणाम किया था, लेकिन जवाब इन दो नेताओं का आया, नीतीश जी का नहीं। शायद उन्हें पता भी नहीं चला कि मैंने प्रणाम किया है।"
चीनी की कीमतों और मंत्रियों के बेतुके बयानों पर तंज
राज्य में चीनी के दामों और मंत्रियों के बयानों पर कटाक्ष करते हुए आरजेडी सांसद ने कहा कि सरकार के एक बड़े मंत्री (श्रवण कुमार) कहते हैं कि चीनी के दाम बढ़ने से किसानों को फायदा होगा, जबकि उन्हें यह नहीं पता कि किसानों को फायदा केवल गन्ना बेचने तक ही होता है। वहीं एक और मंत्री का बयान आया कि चीनी खाने की जरूरत ही क्या है, इससे डायबिटीज होता है। मीसा भारती ने कहा कि ऐसे बयानों से लगता है कि अगर चीनी 1000 रुपये किलो भी हो जाए, तो इस सरकार को जनता की कोई चिंता नहीं है। यह बेहद गैर-जिम्मेदाराना और बेतुका बयान है।
उपेंद्र कुशवाहा और विरासत के दावे पर साधा निशाना
एनडीए गठबंधन के भीतर चल रही खींचतान और उपेंद्र कुशवाहा पर निशाना साधते हुए मीसा भारती ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा अपनी अलग पार्टी चलाते हैं, ऐसे में वो किस हक से जदयू की विरासत पर दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं को बिहार की विकास और जनता की कोई चिंता नहीं है। ये लोग केवल अपने निजी स्वार्थ और अपने परिवार के सदस्यों को राजनीति में सेट करने के चक्कर में लगे हुए हैं।
'बिहार में चल रही है निकम्मी, नकारा और हत्यारी सरकार'
अपने बयान के अंत में मीसा भारती ने बिहार सरकार की कानून-व्यवस्था और कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान में बिहार में जो सरकार चल रही है, वह पूरी तरह से 'निकम्मी, नकारा और हत्यारी सरकार' है। उन्होंने कहा कि जब भी छात्र, युवा या किसान अपने हक की आवाज उठाते हैं, तो यह सरकार उन पर लाठियां बरसाती है या उनकी आवाज दबाने की कोशिश करती है। विपक्ष पूरी मजबूती के साथ छात्रों और आम जनता की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ता रहेगा।
रंजन की रिपोर्ट