Bihar Vidhansabha Session : 'सिर पर मिथिला पाग और मैथिली भाषा', कुछ इस अंदाज में पहली बार विधानसभा सदस्य के रुप में मैथिली ठाकुर ने ली शपथ

Bihar Vidhansabha Session : बिहार की सबसे कम उम्र की विधायक मैथिली ठाकुर ने अलग अंदाज में शपथ ग्रहण की। उन्होंने मैथिली भाषा में शपथ लिया।

मैथिली
मैथिली ने ली शपथ - फोटो : News4nation

Bihar Vidhansabha Session :  बिहार में नई सरकार के गठन के बाद 18वीं विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हो गया। कार्यवाही शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा का विधानसभा पोर्टिको में औपचारिक स्वागत किया गया। विपक्षी विधायकों ने तेजस्वी यादव का भी पोर्टिको में स्वागत किया। पहले दिन नव-निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जा रही है। राज्यपाल द्वारा नियुक्त प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव शपथ ग्रहण की प्रक्रिया का संचालन कर रहे हैं। पहले मंत्रियों ने शपथ लिया और अब सभी सदस्य शपथ ले रहे हैं। 

मैथिली ने मैथिली में ली शपथ 

शपथ ग्रहण समारोह में सबसे खास रही बिहार की सबसे युवा विधायक मैथिली ठाकुर की शपथ। मैथिली मधुबनी पेंटिंग की साड़ी पहन कर सदन पहुंची। उन्होंने सिर पर मिथिला का पाग रखा था और उन्होंने मैथिली भाषा में शपथ ग्रहण की। मैथिली ठाकुर पहली बार बिहार विधानसभा की सदस्य बनी हैं। अलीनगर से मैथिली ठाकुर ने विधानसभा चुनाव जीता है। 

मेरे लिए बड़ा दिन 

मैथिली ठाकुर ने जब मैथिली में शपथ ली तो सदन में मजबूत सदस्यों ने तारीफ की। इसके पहले भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा था कि, "मेरा एक नया जीवन शुरु होगा। आज शपथ ग्रहण के बाद मैं विधायिका बन जाऊंगी। मेरे लिए आज बहुत बड़ा दिन है…"। गौरतलब हो कि बिहार विधानसभा 2025 चुनाव में नवनिर्वाचित विधायक मैथिली ठाकुर राज्य की सबसे युवा विधायक है। बिहार चुनाव में उन्होंने राजद के वरिष्ठ नेता विनोद मिश्रा को हराया था।

इन नेताओं ने ली मैथिली में शपथ 

वहीं मैथिली के अलावा सुधांशु, विनोद नारायण झा, बाबूबाड़ी से मीना कुमारी, मधुबनी विधायक माधव आनंद और झंझारपुर MLA नीतीश मिश्रा ने मैथिली में शपथ ली। बिस्फी के आसिफ़ अहमद ने ईश्वर की जगह विस्मिला रहमान कहकर शपथ ली। कांग्रेस के मनोज विश्वास दो बार गलत शपथ पढ़ा। तीसरी बार में उन्होंने सही तरीके से शपथ पूरी की। वहीं आबिदुर्रहमान, जोकीहाट मुर्शीद आलम ने उर्दू में शपथ ली। फिर आखिर में जय सीमांचल, जय बिहार का नारा लगाया।