Bihar Politics: बीजेपी दफ्तर पहुंचने लगे विधायक, थोड़ी देर में शुरु होगी विधायक दल की बैठक, सीएम नीतीश 3 बजे देंगे इस्तीफा

Bihar Politics: बीजेपी दफ्तर पर विधायकों के आने का सिलसिला शुरु हो गया है। थोड़ी देर में विधायक दल की बैठक शुरु हो जाएगी। सीएम नीतीश 3 बजे इस्तीफा देंगे।

बीजेपी दफ्तर
विधायक दल की बैठक - फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर भाजपा की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के चयन को लेकर आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। यह बैठक दोपहर 3 बजे से शुरू होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान करेंगे। पार्टी ने उन्हें विशेष रूप से इस प्रक्रिया की निगरानी के लिए नियुक्त किया है।

कार्यालय में कड़ी पाबंदी

बैठक को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय को आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यहां तक कि कार्यालय के नियमित कर्मचारियों का भी प्रवेश सीमित कर दिया गया है। केवल विधायक दल की बैठक में शामिल होने वाले नेताओं को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई है।

नेताओं का पहुंचना शुरू

बैठक से पहले ही पार्टी के विधायक और वरिष्ठ नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया है। इस दौरान मंत्री लखेंद्र पासवान, श्रेयसी सिंह, विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह, नवल किशोर यादव और पूर्व मंत्री राजू सिंह समेत कई नेता कार्यालय पहुंचे। मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि तय प्रक्रिया के तहत विधायक दल का नेता चुना जाएगा। वहीं, विधान पार्षद नवल यादव और अवधेश नारायण ने भाजपा का मुख्यमंत्री बनने पर खुशी जताई। 

केंद्रीय नेतृत्व का इंतजार

भाजपा विधायक राजू सिंह ने कहा कि यह एक नई शुरुआत है और मुख्यमंत्री का चयन सामान्य प्रक्रिया के तहत जल्द हो जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के साथ-साथ पार्टी के शीर्ष नेता भी शामिल होंगे। विधायक दल की इस बैठक में ही मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।

पटना से वंदना की रिपोर्ट