Bankipur Bypoll Result : PK का तीखा हमला—कहा '30 साल का किला 30 दिनों में ढह गया, सम्राट चौधरी को हटाएं मोदी-शाह'

Bankipur Bypoll Result : प्रशांत किशोर ने बीजेपी और बिहार के सीएम सम्राट चौधरी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने एक कड़ा संदेश दिया है और 30 सालों से चला आ रहा किला महज 30 दिनों के भीतर ढह गया।

Bankipur Bypoll Result : PK का तीखा हमला—कहा '30 साल का किला
सम्राट को हटाये मोदी शाह - फोटो : NAROTTAM

PATNA : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज की बड़ी जीत के बाद प्रशांत किशोर (PK) का पहला बयान सामने आया है। वोटों की गिनती के बाद काउंटिंग सेंटर पहुंचे प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने एक कड़ा संदेश दिया है और 30 सालों से चला आ रहा किला महज 30 दिनों के भीतर ढह गया।

प्रशांत किशोर ने जीत का सर्टिफिकेट मिलने से पहले मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह चुनाव किसी नाली-गली के मुद्दे पर नहीं, बल्कि एक बड़े मैसेज के साथ लड़ा गया था। उन्होंने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व, खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को नसीहत देते हुए कहा कि बिहार को एक अच्छे मुख्यमंत्री की जरूरत है। जिन्हें अभी नेतृत्व सौंपा गया है, उन्हें राज्य की जनता पसंद नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी को मुख्यमंत्री बनाना है, तो सम्राट चौधरी की जगह किसी अन्य योग्य व्यक्ति को यह जिम्मेदारी दी जाए, क्योंकि सम्राट चौधरी के 'चाल, चरित्र और चेहरे' का ब्योरा पहले से पब्लिक डोमेन में है।

PK ने जोर देकर कहा कि बिहार के लोगों को अब महज चार-पांच किलो अनाज नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर कमाई और रोजगार की जरूरत है। उन्होंने कहा: बांकीपुर में मेरे विधायक बन जाने से यह रातों-रात बैंगलोर नहीं बन जाएगा, लेकिन अगले दो-तीन महीनों में सुधार जरूर दिखेगा। गुजरात के लोगों को जैसी सुविधाएं मिलती हैं, वैसी सुविधाएं बिहार के लोगों को भी मिलनी चाहिए। केंद्र और राज्य सरकार को समझना होगा कि जनता की उम्मीदों पर खरे न उतरने का अंजाम आगे के चुनावों में भी भुगतना पड़ेगा।"

जन सुराज की सोच को रेखांकित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था से है। उन्होंने बताया कि बिहार के लिए एक ऐसा रोडमैप तैयार होना चाहिए, जिससे राज्य से पलायन हमेशा के लिए बंद हो जाए और किसी युवा को 10-15 हजार रुपये की मामूली नौकरी के लिए अपना घर न छोड़ना पड़े। उन्होंने कहा कि उनका मकसद परदेस में रह रहे करोड़ों बिहारियों को वापस अपने घर में सम्मानजनक रोजगार देना है, ताकि आने वाली पीढ़ी अपने राज्य पर गर्व कर सके। अंत में प्रशांत किशोर ने बांकीपुर के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि हालांकि इस एक उपचुनाव के परिणाम से राज्य सरकार नहीं बदलेगी, लेकिन यह सत्तारूढ़ दल के लिए एक बड़ा सबक है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जिन्होंने जन सुराज को वोट नहीं दिया है, काम के जरिए उनका भी विश्वास जीतने का पूरा प्रयास किया जाएगा। 

नरोत्तम की रिपोर्ट