मोकामा जमीन विवाद: जेल में बंद महिला आरोपी की संदिग्ध मौत, पटना PMCH में इलाज के दौरान तोड़ा दम
Mokama Murder Case Update: मोकामा दोहरे हत्याकांड की आरोपी महिला बुद्धओ देवी की जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत। जानें क्या है मौत की वजह और पूरा मामला।
Patna - बिहार के पटना जिले के मोकामा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां चर्चित जमीन विवाद दोहरे हत्याकांड मामले में जेल में बंद एक महिला आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक महिला की पहचान बुद्धओ देवी के रूप में हुई है, जो इस मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों में से एक थी।
बाढ़ जेल में बिगड़ी तबीयत, मची अफरा-तफरी
मिली जानकारी के मुताबिक, बुद्धओ देवी को मोकामा थाना क्षेत्र के साहेबबेगपुर गांव में हुए जमीन विवाद और दोहरे हत्याकांड के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत के तहत बाढ़ जेल भेजा गया था। जेल में बंद रहने के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। महिला की हालत बिगड़ते देख जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में उन्हें बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।
बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर, सस्पेंस बरकरार
बाढ़ अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया। सूत्रों के अनुसार, पटना ले जाने के दौरान ही उसकी हालत और नाजुक हो गई थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के स्पष्ट कारण को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
प्रशासन ने कहा- पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रशासनिक अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है और कहा है कि महिला की मौत के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी कि मौत बीमारी की वजह से हुई या कोई और कारण था। इस संदिग्ध मौत ने पहले से ही संवेदनशील इस मामले को और पेचीदा बना दिया है।
क्या था मामला?
गौरतलब है कि मोकामा के साहेबबेगपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें बुद्धओ देवी भी शामिल थी। हालांकि, मृतक महिला का नाम प्राथमिक अभियुक्तों में शामिल नहीं था, लेकिन पुलिस ने उसे अप्रथमिंकी अभियुक्त के रूप में गिरफ्तार किया था।
रिपोर्ट: रविशंकर कुमार