बिहार विधान मंडल का मानसून सत्र संपन्न, 5 बैठकों में पारित हुए 21 विधेयक, एमएलसी ने पूछे 240 प्रश्न
213वें सत्र के दौरान बिहार विधान परिषद में कुल 21 महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए। सत्र के दौरान अल्पसूचित प्रश्नों की कुल 262 सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 240 प्रश्न स्वीकार किए गए और 12 के उत्तर सदन में दिए गए।
Bihar Vidhan Parishad : बिहार विधान परिषद का 213वां सत्र शुक्रवार को संपन्न हो गया। सत्र के समापन पर सभापति अवधेश नारायण सिंह ने सदन की कार्यवाही का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सत्र शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और इस दौरान जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। सभापति ने बताया कि इस सत्र में कुल 5 बैठकें आयोजित की गईं। सदस्यों ने प्रश्नों, ध्यानाकर्षण प्रस्तावों और अन्य संसदीय प्रक्रियाओं के माध्यम से जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाया।
प्रश्नों और सूचनाओं का रहा ब्यौरा
सत्र के दौरान अल्पसूचित प्रश्नों की कुल 262 सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 240 प्रश्न स्वीकार किए गए और 12 के उत्तर सदन में दिए गए। वहीं, 333 तारांकित प्रश्नों में से 310 स्वीकार किए गए और 24 प्रश्नों के उत्तर सदन में दिए गए। इसके अलावा ध्यानाकर्षण की 69 सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 30 स्वीकार की गईं और 11 का जवाब दिया गया। शून्यकाल के लिए 59 सूचनाएं प्राप्त हुईं। वहीं, निवेदन की 75 सूचनाओं में से 74 को स्वीकार किया गया।
ई-विधान प्रणाली से बड़ी संख्या में प्रश्न प्राप्त
सभापति ने बताया कि सत्र के दौरान ई-विधान प्रणाली के माध्यम से 340 तारांकित और 265 अल्पसूचित प्रश्न प्राप्त हुए। इनमें 316 तारांकित और 241 अल्पसूचित प्रश्न संबंधित विभागों को भेजे गए। विभागों की ओर से 209 तारांकित और 146 अल्पसूचित प्रश्नों के उत्तर प्राप्त हुए। सभापति ने कहा कि सदस्यों ने अपनी संसदीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन में उठाया।
21 महत्वपूर्ण विधेयक पारित
213वें सत्र के दौरान बिहार विधान परिषद में कुल 21 महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए। इनमें बिहार जुआ (प्रतिषेध) विधेयक, बिहार नगर विकास विधेयक, बिहार निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, बिहार पंचायत राज (संशोधन) विधेयक और बिहार विशिष्ट विश्वविद्यालय विधेयक प्रमुख हैं।
इसके अलावा बिहार इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं असैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय विधेयक तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं कंप्यूटर विज्ञान विश्वविद्यालय विधेयक भी पारित किए गए।
वंदना की रिपोर्ट