Patna Chhath Puja Accident: पटना में छठ घाट पर मातम, गंगा में डूबे दो युवक, आस्था के बीच हादसे ने मचाया कोहराम
Patna Chhath Puja Accident: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया।....
Patna Chhath Puja Accident: पटना से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मालसलामी थाना क्षेत्र के दमरही घाट पर दो युवक गंगा नदी में डूब गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके में ग़म और सनसनी का माहौल पैदा कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक कंकड़बाग इलाके के रहने वाले थे और छठ पूजा के पावन अवसर पर घाट पर पहुंचे थे। पूजा-अर्चना के दौरान अचानक यह हादसा पेश आया, जब दोनों गहरे पानी में चले गए और खुद को संभाल नहीं सके। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
यह हादसा ऐसे वक्त हुआ जब पूरा बिहार आस्था और भक्ति में डूबा हुआ था। चैती छठ पूजा का चार दिवसीय महाअनुष्ठान उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो रहा था। घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी, जहां हर कोई अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए भगवान भास्कर की आराधना में लीन था।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किन हालातों में यह दर्दनाक हादसा हुआ। पूरे इलाके में मातम पसरा है और लोगों की आंखें नम हैं।
तो वहीं पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र स्थित उलारधाम का ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व भी इस अवसर पर देखने को मिला। मान्यता है कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र राजा शांब ने यहां सूर्य मंदिर की स्थापना की थी। इस वजह से यहां लाखों श्रद्धालु हर साल छठ पूजा के दौरान जुटते हैं और अस्ताचलगामी व उदयगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद यह हादसा कई सवाल खड़े कर गया है। छठ जैसे पवित्र पर्व पर जहां एक ओर आस्था का सागर उमड़ता है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को भी उजागर करती हैं।
पटना से रजनीश कुमार के साथ अमलेश कुमार की रिपोर्ट