Bihar Politics: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत तय! पटना पहुंचते ही सांसद मनन मिश्रा का दावा, निशांत को लेकर क्या कहा जानिए

Bihar Politics: निशांत कुमार के जनता दल यूनाइटेड में शामिल होने के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। उनकी प्रस्तावित जनसंपर्क यात्रा और मनन मिश्रा के बयान ने राज्य की सियासत को गरमाया है।

सांसद मनन मिश्रा
सांसद मनन मिश्रा का दावा - फोटो : Reporter

Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद से ही सियासी हलचल तेज है। इसी बीच निशांत कुमार के जनता दल यूनाइटेड में शामिल होने के बाद उनकी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। वह अपनी जनसंपर्क यात्रा की शुरुआत पश्चिम चंपारण से करने वाले हैं। 

निशांत संभालेंगे नीतीश की विरासत 

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद मनन मिश्रा ने कहा कि निशांत कुमार अपने पिता नीतीश कुमार के पदचिन्हों पर चलकर जनता से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जो एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि अपनी राजनीतिक विरासत को संभालना अच्छी बात है।

बीजेपी की जीत पक्की 

वहीं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर मनन मिश्रा ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी इस बार स्पष्ट बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उनके अनुसार, पहले चरण में हुए भारी मतदान ने ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ माहौल का संकेत दिया है और आगामी चरणों में मतदान प्रतिशत और बढ़ने की संभावना है।

तेजस्वी का कोई प्रभाव नहीं 

इधर, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा ममता बनर्जी के समर्थन में किए जा रहे चुनाव प्रचार पर भी उन्होंने टिप्पणी की। मनन मिश्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और तेजस्वी यादव जैसे नेताओं का पश्चिम बंगाल की राजनीति पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा और राज्य की जनता इस बार बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी।


पटना से रंजीत की रिपोर्ट