Pappu Yadav Arrest: पप्पू यादव की गिरफ्तारी से लेकर ईलाज तक! जाने पूरी टाइमलाइन

Pappu Yadav Arrest: सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उनका ईलाज IGIMS से PMCH तक चला। जांच रिपोर्ट आई।

Pappu Yadav Arrest
कैसी है पप्‍पू यादव की तबीयत?- फोटो : social media

Pappu Yadav Arrest: निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। शुक्रवार रात गिरफ्तारी के बाद उन्हें पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) ले जाया गया, जहां रात भर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। शनिवार सुबह करीब नौ बजे अचानक उनकी हालत फिर से बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।

पीएमसीएच पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने तुरंत उनकी प्राथमिक जांच की। इसमें ब्लड प्रेशर, पल्स, ऑक्सीजन लेवल और शुगर की जांच शामिल थी। डॉक्टरों के अनुसार, सांसद को पीठ दर्द, छाती में परेशानी, सिर दर्द, घबराहट और दिल की तेज धड़कन की शिकायत थी। उस समय उनका ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ पाया गया।

इसके बाद उन्हें इमरजेंसी वार्ड में निगरानी में रखा गया और स्लाइन व दवाओं के जरिए इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट पर नजर बनाए रही। ईसीजी, अल्ट्रासाउंड और अन्य जरूरी जांचें की गईं। बाद में विस्तृत हृदय जांच के लिए उन्हें इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान (IGIC) रेफर किया गया।

गिरफ्तारी से इलाज तक की पूरी टाइमलाइन

शुक्रवार रात 10 बजे पटना पुलिस सांसद के आवास पर पहुंची।

रात करीब 12 बजे सिटी एसपी के नेतृत्व में उन्हें गिरफ्तार किया गया।

रात 12:45 बजे उन्हें IGIMS लाया गया।

शनिवार सुबह 6 बजे इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया।

दोपहर 2 बजे एंबुलेंस से सिविल कोर्ट ले जाया गया।

शाम 5:40 बजे कड़ी सुरक्षा में बेउर जेल भेजा गया।

शाम 7:45 बजे जेल की प्रक्रिया के बाद दोबारा पीएमसीएच लाया गया।

जांच रिपोर्ट सामान्य

IGIC में निदेशक डॉक्टर सुनील कुमार की देखरेख में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ईसीजी, ईको और एहतियातन सिटी एंजियोग्राफी की। सभी रिपोर्ट सामान्य पाई गईं। पीएमसीएच अधीक्षक डॉक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सांसद की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें कैदी वार्ड में भर्ती करने की प्रक्रिया चल रही है।

हालांकि, सांसद के समर्थकों ने इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सांसद के निजी सचिव ने यह भी आरोप लगाया कि पीएमसीएच लाए जाने के बाद उन्हें आधे घंटे तक कॉरिडोर में रखा गया।