बाढ़ प्रभावित बख्तियार के दियारा पहुंचे सांसद पप्पू यादव, स्थिति देख बोले-इस आपदा को घोषित किया जाए 'राष्ट्रीय आपदा'
Patna : पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव बाढ़ प्रभावित पीड़ितों का हाल जानने और राहत पहुंचाने के लिए बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर प्रखंड पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद ग्यासपुर में नाव पर सवार हुए और नदी मार्ग से काला दियारा, रूपस महाजी तथा चिरैया दियारा सहित कई अति-प्रभावित इलाकों का सघन दौरा किया। उन्होंने जलमग्न गांवों में जाकर विस्थापित लोगों की समस्याएं सुनीं।
गंगा में तैरता मिला महिला का शव, भयावह स्थिति आई सामने
दौरे के दौरान जब सांसद पप्पू यादव बीच गंगा में नाव से क्षेत्र का जायजा ले रहे थे, तभी नदी के बहाव में एक महिला का तैरता हुआ शव दिखाई दिया। इस दर्दनाक दृश्य ने क्षेत्र में बाढ़ के कारण उत्पन्न भयावह और दयनीय स्थिति को उजागर कर दिया। इस घटना से व्यथित होकर सांसद ने प्रशासन और सरकार की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े किए।
आपदा की विभीषिका देख 'राष्ट्रीय आपदा' घोषित करने की मांग गंगा में बहते शव और दियारावासियों की बदहाली को देखते हुए सांसद पप्पू यादव ने केंद्र और राज्य सरकार से इस विभीषिका को अविलंब 'राष्ट्रीय आपदा' घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाढ़ का प्रकोप इतना विशाल है कि जब तक इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कर बड़े पैमाने पर केंद्रीय सहायता नहीं दी जाएगी, तब तक पीड़ितों का सही मायनों में पुनर्वास संभव नहीं है।
बाढ़ पीड़ितों को निजी स्तर पर बांटी आर्थिक मदद
सांसद ने काला दियारा, चिरैया दियारा और रूपस महाजी में खुद पहुंचकर कई पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने आपदा की इस कठिन घड़ी में लोगों को ढांढस बंधाया और अपनी ओर से पीड़ितों को सीधी आर्थिक सहायता प्रदान की, ताकि वे भोजन और आवश्यक सामग्रियों का प्रबंध कर सकें।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठाए सवाल, त्वरित राहत की अपील
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि दियारा के दूर-दराज इलाकों में प्रशासनिक मदद देर से पहुंच रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में नावें, सूखा राशन, पीने का शुद्ध पानी और डॉक्टरों की टीम तुरंत तैनात की जाए, ताकि महामारी और भुखमरी जैसी स्थिति को पनपने से रोका जा सके।
रवि शंकर की रिपोर्ट