Bihar Politics: तेजस्वी के कार्यक्रम से पहले नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, इनकम टैक्स गोलंबर से हटाए गए राजद के झंडे
Bihar Politics: तेजस्वी यादव ने सभी राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं को आज पटना बुलाया है। जिसको लेकर राजद की ओर झंडे लगाए गए थे लेकिन नगर निगम ने कार्यक्रम से पहले ही सभी झंडे को हटा दिया है।
Bihar Politics: राजधानी पटना में राजद के बड़े कार्यक्रम से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। शहर के इनकम टैक्स गोलंबर पर लगाए गए राष्ट्रीय जनता दल के झंडों को पटना नगर निगम की टीम ने हटाना शुरू कर दिया। कार्यक्रम शुरू होने से पहले की गई इस कार्रवाई को लेकर कार्यकर्ताओं में हलचल देखी गई।
नगर निगम ने हटाए झंडे
दरअसल, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष ने आज सभी जिलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पटना बुलाया है। बापू सभागार में राजद की ओर से जननायक कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि मनाई जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है। कार्यक्रम को लेकर पूरे शहर में पोस्टर और झंडे लगाए गए थे, जिससे कई प्रमुख चौराहे और सड़कें पार्टी के बैनर से पटी नजर आ रही थीं। इसी बीच इनकम टैक्स गोलंबर पर लगे झंडों को नगर निगम द्वारा हटाए जाने की कार्रवाई ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
राजद कार्यकर्ताओं को बुलाया गया पटना
बता दें कि, नेता प्रतिपक्ष और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने राजद कार्यकर्ताओं को पटना बुलाया है। पूरे राज्यभर से राजद नेता और कार्यकर्ता पटना पहुंच रहे हैं। जानकारी अनुसार समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि को लेकर राजद की ओर से बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम बापू सभागार में आयोजित होगा। जहां तेजस्वी यादव इसका उद्घाटन करेंगे और पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
नेताओं को संबोधित करेंगे तेजस्वी
जानकारी के अनुसार, बिहार के हर जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि बजट सत्र के बीच आयोजित इस कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। चुनाव के बाद या उससे पहले यह ऐसा मौका होगा जब तेजस्वी यादव एक साथ पूरे बिहार के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और उन्हें संगठन को लेकर महत्वपूर्ण संदेश देंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम के जरिए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की कोशिश की जाएगी। कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर आयोजित इस सभा में उनके विचारों और योगदान को भी याद किया जाएगा।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट