Patna Liquor Smuggling:नौबतपुर में बिहटा-सरमेरा फोरलेन से 1994 लीटर विदेशी शराब जब्त,अंतरजिला तस्कर गिरोह का भांडाफोड़, 5 गिरफ्तार

नौबतपुर पुलिस को बड़ी सफलता: बिहटा-सरमेरा फोरलेन स्थित कचड़ा प्रबंधन इकाई (चेसी गांव) के पास से नौबतपुर पुलिस ने प्लास्टिक से छिपाकर रखी गई 1994.28 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से छपरा (सारण) जिले के 5 अंतरजिला शराब तस्करों को गिरफ्तार

Naubatpur police liquor seizure Patna
नौबतपुर में बिहटा-सरमेरा फोरलेन से 1994 लीटर विदेशी शराब जब्त- फोटो : news 4 nation

पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 27 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 6:30 बजे गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बिहटा-सरमेरा फोरलेन स्थित कचड़ा प्रबंधन इकाई, ग्राम चेसी के समीप छापेमारी की। वहां प्लास्टिक से छिपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की कुल 1994.28 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक पिकअप वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, लेकिन मौके से 5 तस्करों को खदेड़कर धर दबोचा गया।


छपरा के 5 अंतरजिला शराब तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई

मौके से भागने की कोशिश कर रहे जिन 5 अभियुक्तों को पुलिस ने दबोचा है, वे सभी छपरा (सारण) जिले के रहने वाले हैं। पकड़े गए आरोपियों में गोलू कुमार (22 वर्ष), संजय चौधरी (23 वर्ष), गोपीचन्द कुमार (22 वर्ष), लंगर कुमार (19 वर्ष) और बिट्टू कुमार (23 वर्ष) शामिल हैं। इनमें से चार अभियुक्त रिविलगंज थाना क्षेत्र के नवीगंज बिनटोली के निवासी हैं, जबकि एक भगवान बाजार थाना क्षेत्र का रहने वाला है। नौबतपुर पुलिस ने मामला दर्ज (कांड संख्या-575/26) कर सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नदी मार्ग से शराब तस्करी का खुलासा, छपरा के गिरोह का नेटवर्क आया सामने

पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने खुलासा किया कि बरामद शराब छपरा के डहियावां निवासी लालू राय और गोलू कुमार, तथा डोरीगंज निवासी विक्की कुमार, जीतन राय एवं विशाल राय की है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सब एक संगठित गिरोह बनाकर गंगा और सोन नदी के जलमार्ग के जरिए भारी मात्रा में शराब की तस्करी करते हैं। योजना के मुताबिक वे पिकअप से माल उतारकर छिपा रहे थे, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जो मुख्य सरगना लालू राय के संपर्क में था।

छापेमारी दल की मुस्तैदी से नाकाम हुआ नेटवर्क, मालखाने में जमा हुई शराब

यह सफल कार्रवाई नौबतपुर थानेदार मंजीत ठाकुर के नेतृत्व में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) विशंभर राम और सशस्त्र बल के जवानो ने अंजाम तक पहुचाया । नौबतपुर  पुलिस की इस त्वरित और सतर्क कार्रवाई से दियारा और नदी मार्गों से होने वाली शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भांडाफोड़ हुआ है। जब्त की गई 1994.28 लीटर विदेशी शराब को सुरक्षित थाना मालखाने में रखवा दिया गया है और फरार पिकअप चालक तथा गिरोह के मुख्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।