नौबतपुर पुलिस का नशा तस्करों पर प्रहार:49 पुड़िया स्मैक के साथ महिला रंगे हाथों दबोची गई,'पुलिस दीदी' की कार्रवाई

पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौबतपुर स्थित सूर्य मंदिर के पास स्मैक बेच रही महिला को पुलिस दीदी टीम ने गिरफ्तार किया। मौके से 49 पुड़िया स्मैक बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।

naubatpur smack smuggler woman arrested
नौबतपुर सूर्य मंदिर के पास बिक रहा था स्मैक, 49 पुड़िया स्मैक के साथ वंदना देवी गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना जिले के नौबतपुर थानेदार मंजीत ठाकुर के नेतृत्व में थानाक्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार जारी अभियाना को एक बड़ी सफलता हासिल की है। संध्या गश्ती और क्षेत्र भ्रमण के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा। यह गिरफ्तारी नौबतपुर स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर के पास न्यू एनएच (NH) नहर रोड से की गई है, जहां सरेआम स्मैक की बिक्री की जा रही थी।


डायल 112 'पुलिस दीदी' टीम की छापेमारी 

सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा डायल 112 की 'पुलिस दीदी' टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। गुप्त सूचना में बताए गए ठिकाने और दुकान पर जब महिला पुलिस टीम ने अचानक छापेमारी की, तो वहां हड़कंप मच गया। पुलिस दीदी टीम की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई के कारण आरोपी महिला को संभलने या भागने का कोई मौका नहीं मिल सका।

49 पुड़िया स्मैक के साथ आरोपी महिला दबोची गई

 दुकान में गहन तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया। मौके से कुल 49 पुड़िया स्मैक जब्त की गई, जिसे बिक्री के लिए तैयार करके रखा गया था। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को जब्त करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। स्थानीय स्तर पर युवाओं को नशे की लत में धकेलने वाले इस नेटवर्क पर यह एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

आरोपी की पहचान और पुलिस की अग्रिम कार्रवाई 

गिरफ्तार महिला की पहचान वंदना देवी के रूप में हुई है, जो नौबतपुर थाना क्षेत्र के ही ग्राम तेरेत की रहने वाली है। पुलिस पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला यह स्मैक कहां से लाती थी और इसके पीछे कौन-कौन से बड़े तस्कर शामिल हैं। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता को सराहा

सूर्य मंदिर जैसे प्रमुख और सार्वजनिक स्थल के पास लंबे समय से चल रहे इस अवैध धंधे के भंडाफोड़ होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने डायल 112 'पुलिस दीदी' और नौबतपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।