NBPDCL MD: “छपरा में MD का निरीक्षण के बाद सख्त संदेश! बिजली परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का दिया निर्देश
NBPDCL MD: NBPDCL प्रबंध निदेशक ने छपरा में ग्रिड व विद्युत शक्ति उपकेंद्र का किया निरीक्षण, कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए।
पटना/छपरा। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) एवं बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL) के प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार (भा.प्र.से.) ने शुक्रवार को छपरा सर्किल के विद्युत शक्ति उपकेंद्र का दौरा किया, जहां उन्होंने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) रजिस्टर, सुरक्षा उपकरणों तथा स्विचयार्ड में स्थापित पावर ट्रांसफार्मरों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर विशेष जोर दिया।
इसके उपरांत प्रबंध निदेशक ने छपरा स्थित निर्माणाधीन 400/220/132 केवी ग्रिड उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इसके बाद जिला समाहरणालय सभागार, छपरा में विद्युत आपूर्ति अंचल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व संग्रहण, विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना तथा स्मार्ट मीटरिंग से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही, अवर प्रमंडल स्तर पर बकाया वसूली की स्थिति पर चर्चा करते हुए राजस्व संग्रहण को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान बिल सुधार शिविरों में प्राप्त शिकायतों के समाधान तथा विद्युत संबंध (कनेक्शन) से जुड़े लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर भी बल दिया गया। इसके अतिरिक्त, आरडीएसएस एवं राज्य योजना के तहत छपरा, सिवान एवं गोपालगंज जिलों में निर्माणाधीन विद्युत शक्ति उपकेंद्रों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
प्रबंध निदेशक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्यालय स्तर से निदेशक (परियोजना), महाप्रबंधक (राजस्व), मुख्य अभियंता (संचालन एवं संपोषण) सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
पटना से वंदना की रिपोर्ट