Bihar Politics: नीरज- अनंत विवाद पर मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा बयान, बोले- पार्टी सब देख रही है, ललन-संजय के बीच बातचीत जारी

Bihar Politics: बिहार की सियासत में जेडीयू के अंदर नीरज कुमार और अनंत सिंह को लेकर चल रही खींचतान के बीच मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा बयान सामने आया है।...

Neeraj Anant Row
नीरज- अनंत विवाद पर मंत्री का बड़ा बयान- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार की सियासत में जेडीयू के अंदर नीरज कुमार और अनंत सिंह को लेकर चल रही खींचतान के बीच मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले श्रवण कुमार ने माना कि पार्टी के ही एक विधायक दूसरे उम्मीदवार के समर्थन में खुले तौर पर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।

श्रवण कुमार ने कहा कि यह बात सही है कि पार्टी के ही विधायक दूसरे उम्मीदवार के लिए खुलेआम प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो कुछ हो रहा है, उसे पार्टी देख रही है। उनके मुताबिक इस पूरे मामले को लेकर ललन सिंह और संजय झा के बीच बातचीत हुई है। दोनों नेताओं के बीच बातचीत का नतीजा सामने आने के बाद पार्टी की ओर से पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

मंत्री ने यह भी कहा कि किसी उम्मीदवार को समर्थन देने के फायदे और नुकसान दोनों हो सकते हैं, लेकिन पार्टी सभी पहलुओं को देख रही है। उन्होंने साफ किया कि इस मामले में जल्दबाजी के बजाय बातचीत के नतीजे का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद पार्टी आगे की रणनीति पर फैसला करेगी।

तेजस्वी के अपराध और आर्थिक संकट वाले बयान पर पलटवार

वहीं, बिहार में आने वाले छह महीनों में आर्थिक संकट और अपराध बढ़ने की आशंका जताने वाले तेजस्वी यादव के बयान पर भी श्रवण कुमार ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने तेजस्वी की भविष्यवाणी पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या वे अर्थशास्त्री हैं या ज्ञानी हैं।

श्रवण कुमार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी को लेकर भी तंज कसा और कहा कि उनकी भविष्यवाणियां भी नहीं चल रही हैं, तो तेजस्वी यादव की भविष्यवाणी कैसे चलेगी। उन्होंने दावा किया कि ज्यादा बोलने का नतीजा यह है कि वे अभी 25 सीटों पर आए हैं और आने वाले दिनों में जनता उन्हें “जीरो पर आउट” कर देगी।श्रवण कुमार के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। हालांकि, नीरज कुमार-अनंत सिंह प्रकरण में जेडीयू की अंतिम रणनीति क्या होगी, इस पर पार्टी नेतृत्व की औपचारिक घोषणा का इंतजार है।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह