Patna Graduate Constituency: निर्णायक जीत की तरफ जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार, मोकामा में जश्न, पटाखों से गूंजे चौक-चौराहे
Patna Graduate Constituency: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार की निर्णायक बढ़त के बाद उनके गृह क्षेत्र मोकामा में जश्न का माहौल है।...
Patna Graduate Constituency: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार की निर्णायक बढ़त के बाद उनके गृह क्षेत्र मोकामा में जश्न का माहौल है। बुधवार सुबह से ही इलाके में समर्थकों का उत्साह देखते बन रहा है। जगह-जगह चौक-चौराहों पर पटाखे फोड़े जा रहे हैं और मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी जा रही है। चुनावी कामयाबी के बाद मोकामा में मानो दीवाली जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। नीरज कुमार निर्णायक जीत की ओर हैं, तो उनके समर्थकों में खासा जोश नजर आ रहा है। सुबह से ही लोग सड़कों पर निकलकर खुशी का इजहार कर रहे हैं। कई जगहों पर आतिशबाजी के बीच समर्थकों ने जीत की खुशी साझा की। चुनावी नतीजों ने मोकामा की सियासत में नई सरगर्मी पैदा कर दी है। जदयू समर्थकों के लिए यह कामयाबी प्रतिष्ठा का सवाल भी बनी हुई थी। बता दें दूसरे वरीयता की गिनती चल रही है, सूत्रों के अनुसार नीरज कुमार 22 हजार मतों से आगे चल रहे है।
अनंत सिंह के समर्थित प्रत्याशी तीसरे नंबर पर
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में इस बार मुकाबला दिलचस्प रहा। जदयू ने नीरज कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया था, जबकि बाहुबली नेता अनंत सिंह ने जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था। चुनावी नतीजों में अनुज सिंह तीसरे स्थान पर रहे। ऐसे में नीरज कुमार की जीत को उनके समर्थक बड़ी सियासी कामयाबी के तौर पर देख रहे हैं।
मोकामा में इस नतीजे को लेकर चर्चाओं का बाजार भी गर्म है। अनंत सिंह के समर्थन वाले प्रत्याशी की हार और नीरज कुमार की जीत ने स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर बहस तेज कर दी है। हालांकि, चुनावी नतीजों का व्यापक राजनीतिक असर आने वाले दिनों में ही अधिक स्पष्ट होगा।
सूरजभान सिंह के समर्थकों ने भी मनाया जश्न
नीरज कुमार की जीत की खुशी में बाहुबली नेता सूरजभान सिंह के समर्थक भी सड़क पर उतरे। समर्थकों ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। मोकामा के विभिन्न इलाकों में जश्न का माहौल बना रहा और लोग एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए।
स्थानीय स्तर पर इस जीत को लेकर जदयू समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। नीरज कुमार की कामयाबी ने समर्थकों के हौसले बुलंद किए हैं। वहीं, चुनाव में जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के तीसरे स्थान पर रहने को भी राजनीतिक हलकों में अहम माना जा रहा है।
गरीब परिवार में पैदा हुआ- नीरज
जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को हॉट सीट माना जा रहा था। प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में वह आगे थे। उन्होंने भरोसा जताया कि चुनाव आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती होने पर भी उनकी बढ़त बरकरार रहेगी। नीरज कुमार ने कहा कि यह उनका चौथा चुनाव था, इसलिए चुनौतियां भी कम नहीं थीं। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं की मेहनत, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आशीर्वाद और सम्राट-निशांत की जोड़ी ने विरोधियों की नई व्यूहरचना को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने सभी समर्थकों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि वह गरीब परिवार में पैदा हुए हैं। उनके पास न धनबल है और न बाहुबल, लेकिन उनके पास कार्यकर्ताओं की ऐसी ताकत है, जो किसी अन्य प्रत्याशी के पास नहीं है।
बहरहाल पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम के बाद मोकामा में सियासी खुशी का रंग गहरा हो गया है। पटाखों की गूंज, मिठाइयों की मिठास और समर्थकों की मुबारकबाद के बीच नीरज कुमार की जीत का जश्न मनाया जा रहा है।
रिपोर्ट- प्रियदर्शन शर्मा