नीरज बनाम अनंत विवाद में जदयू लेगी संज्ञान, ललन सिंह के दावे के बाद डिप्टी सीएम विजय चौधरी का ऐलान

विजय चौधरी ने कहा कि ललन सिंह ने मामले में कार्रवाई की है और विवाद को सुलझाने का रास्ता भी बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस पूरे मामले को देख रही है। ललन सिंह के संज्ञान में जो बातें आईं, उन्होंने उन्हें पार्टी के संज्ञान में लाया

Neeraj Kumar vs Anant Singh
Neeraj Kumar vs Anant Singh- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट को लेकर जेडीयू के भीतर नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच चल रहा विवाद अब पार्टी नेतृत्व के हस्तक्षेप तक पहुंच गया है। जेडीयू ने मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार बनाया है, जबकि मोकामा से पार्टी विधायक अनंत सिंह जनसुराज प्रत्याशी अनुज कुमार के समर्थन में खुलकर सामने आ चुके हैं। इसको लेकर पार्टी के भीतर उठे मतभेदों पर अब उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को प्रतिक्रिया दी है।  


विजय चौधरी ने कहा कि ललन सिंह ने मामले में कार्रवाई की है और विवाद को सुलझाने का रास्ता भी बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस पूरे मामले को देख रही है। ललन सिंह के संज्ञान में जो बातें आईं, उन्होंने उन्हें पार्टी के संज्ञान में लाया और विवाद को खत्म करने का प्रयास किया। विजय चौधरी ने इसके लिए ललन सिंह को धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी को लगता है कि ललन सिंह के प्रयास से विवाद खत्म होने की ओर है। विजय चौधरी के मुताबिक, ललन सिंह ने पार्टी के लिए जो करना था, वह किया है और मामले को सुलझाने की कोशिश की है।


नीरज के खिलाफ अनंत ने खोला मोर्चा

दरअसल, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू ने मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर जनसुराज ने अनुज कुमार को प्रत्याशी बनाया है। अनंत सिंह अनुज कुमार के समर्थन में उतर चुके हैं और उनके नामांकन कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। उन्होंने नीरज कुमार के खिलाफ अपनी नाराजगी सार्वजनिक तौर पर जाहिर की थी। 


विवाद को सुलझाने के लिए जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की पहल पर वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को जिम्मेदारी दी गई थी। ललन सिंह ने सोमवार को कहा था कि अनंत सिंह की कुछ शिकायतें थीं और पार्टी ने पहले उन पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। उन्होंने यह भी कहा था कि अनंत सिंह अब पार्टी के खिलाफ सार्वजनिक बयान नहीं देंगे, हालांकि वे नीरज के लिए समर्थन या प्रचार करने के लिए तैयार नहीं हैं।  


ललन सिंह ने बताई थी अनंत की शिकायत

ललन सिंह के मुताबिक, अनंत सिंह की शिकायत थी कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ अभियान चलाया गया और पार्टी की ओर से उस पर कार्रवाई नहीं हुई। ललन सिंह ने यह भी कहा था कि अनंत सिंह का मानना है कि नीरज कुमार उस अभियान में शामिल थे। उन्होंने माना कि उस समय राज्य पार्टी नेतृत्व की ओर से कार्रवाई में चूक हुई थी।  


अब विजय चौधरी के बयान के बाद जेडीयू की ओर से यह संकेत दिया गया है कि पार्टी इस विवाद को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि, पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह का जनसुराज प्रत्याशी के समर्थन में बने रहना मुकाबले को अलग राजनीतिक रंग दे रहा है।

नीरज के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे ललन ?

वहीं नीरज कुमार के पक्ष में ललन सिंह के चुनाव प्रचार के सवाल पर विजय चौधरी ने कहा कि यह तो ललन सिंह ही बता सकते हैं। उन्होंने साफ किया कि फ़िलहाल इसे लेकर उनके पास कोई जानकारी नहीं है।