'हमको छेड़िएगा तो छोड़ेंगे नहीं'... नीरज कुमार की चुनौती- दम है तो अनंत सिंह खुद लड़ लें एमएलसी चुनाव, हत्याओं का मांगा हिसाब

नीरज कुमार ने कहा कि वह पहले ही अनंत सिंह के गांव में ‘नरमुंड सम्मेलन’ आयोजित कर उन्हें चुनौती दे चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अनंत सिंह के गांव और उसके आसपास के गांवों में पिछले कई दशकों में हुई हत्याओं का जिम्मेदार कौन है?

Anant Singh/Neeraj Kumar
Anant Singh/Neeraj Kumar- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार की सियासत में मोकामा और पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर मोकामा विधायक अनंत सिंह और जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार के बीच जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है। शनिवार को नीरज कुमार ने अनंत सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “हमको छेड़िएगा तो हम छोड़ेंगे नहीं।” उन्होंने कहा कि जब कोई उनके नेतृत्व पर प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से हमला करता है, तो वह उसका जवाब देने से पीछे नहीं हटते। नीरज कुमार ने अनंत सिंह को चुनौती देते हुए कहा कि बेहतर होगा कि वह खुद पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़कर देख लें कि चुनावी मैदान में क्या होता है।


‘नरमुंड सम्मेलन कर दे चुका हूं चुनौती’

नीरज कुमार ने कहा कि वह पहले ही अनंत सिंह के गांव में ‘नरमुंड सम्मेलन’ आयोजित कर उन्हें चुनौती दे चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अनंत सिंह के गांव और उसके आसपास के गांवों में पिछले कई दशकों में हुई हत्याओं का जिम्मेदार कौन है? अनंत सिंह को इसका जवाब देना चाहिए। अनंत सिंह की ओर से बजरंगबली के मंदिर के सामने आमने-सामने बहस करने की चुनौती पर नीरज कुमार ने कहा, “हम इनके जैसे लोगों के साथ क्या डिबेट करेंगे?” उन्होंने अनंत सिंह के साथ बैठने वाले लोगों को भी नसीहत दी। नीरज ने कहा कि अनंत सिंह खुद को नहीं बचा पाए हैं, तो वह दूसरों को क्या बचाएंगे।


‘हमारे गुरु केवल नीतीश कुमार हैं’

अनंत सिंह की ओर से आरसीपी सिंह को नीरज कुमार का गुरु बताए जाने पर जेडीयू एमएलसी ने पलटवार किया। उन्होंने स्पष्ट कहा, “हमारे गुरु केवल नीतीश कुमार हैं।” नीरज कुमार ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी अनंत सिंह ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को चुनौती दी थी और दिल्ली जाने की बात कही थी। हालांकि, बाद में अनंत सिंह पटना के बेउर जेल पहुंच गए थे।


AK-47 मामले को लेकर भी साधा निशाना

अनंत सिंह से जुड़े AK-47 मामले का जिक्र करते हुए नीरज कुमार ने कहा कि उस समय अनंत की पत्नी नीलम देवी ने रो-रोकर कई बातें कही थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति अपनी पत्नी का साथ नहीं दे सका और उनके आरोपों का बचाव नहीं कर पाया, वह किसी और का क्या होगा? नीरज कुमार के इस बयान से दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और तीखे हो गए हैं।


‘क्या अनंत सिंह में दम है कि वह वहां जाएंगे?’

नीरज कुमार ने कहा कि वह प्रतिदिन घूमने के लिए निकलते हैं और मोटरसाइकिल से कहीं भी जा सकते हैं। उन्होंने अनंत सिंह को चुनौती देते हुए पूछा कि क्या उनमें भी इतनी हिम्मत है कि वह अकेले कहीं घूम सकें। उन्होंने कहा कि वह किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन अगर कोई उन्हें छेड़ता है या उनके नेतृत्व पर हमला करता है, तो वह ऐसा जवाब देते हैं कि विरोधी परेशान हो जाते हैं और उनके समर्थक खुशी मनाते हैं।


अनंत कर रहे निशांत और सम्राट का विरोध 

जेडीयू एमएलसी ने कहा कि जो भी निशांत कुमार के नेतृत्व को चुनौती देगा, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेडीयू का कोई कार्यकर्ता यह स्वीकार नहीं करेगा कि निशांत कुमार या मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ कोई बयानबाजी करे। नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि अनंत सिंह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के फैसलों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह को यह भी जानकारी नहीं है कि नीतीश कुमार कभी एमएलसी रहे थे और बाद में बिहार के मुख्यमंत्री बने। अनंत सिंह पर टिप्पणी करते हुए नीरज कुमार ने कहा, “ऐसे अनपढ़ व्यक्ति के बारे में क्या बोलना।” उन्होंने दावा किया कि अनंत सिंह ने बड़ी मुश्किल से हस्ताक्षर करना सीखा है। नीरज कुमार ने अनंत सिंह को सलाह दी कि या तो वह चुपचाप घर में रहें या फिर राजनीति करनी है तो खुले मैदान में आएं। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार और सम्राट चौधरी के फैसलों के खिलाफ जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।


‘क्या हमने बूथ लूटकर चुनाव जीता था?’

वर्ष 2008 में अनंत सिंह की कृपा से एमएलसी बनने के आरोप पर नीरज कुमार ने पलटवार किया। उन्होंने सवाल किया, “क्या हमने बूथ लूटकर चुनाव जीता था? क्या नीतीश कुमार के शासन में बूथ लूट होती थी?” उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक पहचान किसी की कृपा से नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनता के समर्थन से बनी है। 


‘खुद पटना स्नातक से चुनाव लड़कर देख लें’

नीरज कुमार ने अनंत सिंह को चुनौती दी कि वह खुद पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़कर देख लें और चुनावी मैदान में अपनी स्थिति का आकलन कर लें। उन्होंने मीडिया और अन्य लोगों द्वारा अनंत सिंह के नाम के साथ ‘बाहुबली’ शब्द जोड़े जाने पर भी आपत्ति जताई। नीरज कुमार ने कहा कि किसी व्यक्ति को इस तरह संबोधित करना उचित नहीं है। 


नरोत्तम की रिपोर्ट