NEET Student Dead Case: NEET छात्रा के परिजनों को धमकी के पर्चे का खुल गया राज, घर के अंदर से निकला साजिश का सुराग, FSL के खुलासे ने केस को दिया नया मोड़

NEET Student Dead Case: बिहार की राजधानी पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में तफ्तीश ने ऐसा मोड़ लिया है, जिसने पूरे केस की बुनियाद हिला दी है।

NEET Student Threat Note Mystery Solved FSL Twist Inside Hom
NEET छात्रा के परिजनों को धमकी के पर्चे का खुल गया राज- फोटो : reporter

NEET Student Dead Case: बिहार की राजधानी पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में तफ्तीश ने ऐसा मोड़ लिया है, जिसने पूरे केस की बुनियाद हिला दी है। अब तक शक की सुई बाहरी अपराधियों पर घूम रही थी, लेकिन ताजा फॉरेंसिक खुलासे ने कहानी को घर की चौखट के अंदर ला खड़ा किया है।

सूत्रों के मुताबिक, विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की रिपोर्ट में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि मृतका के जहानाबाद स्थित घर पर मिले धमकी भरे पर्चों की लिखावट परिवार के ही एक सदस्य से मेल खाती है। यह वही पर्चे हैं, जिनमें लिखा था ना मानोगे बेटी गई, बेटा भी मरेगा 2 दिन में” और “ज्यादा तेज बनोगे तो उठा लिए जाओगे।” इन धमकियों के बाद परिवार ने गांव के कुछ लोगों पर डराने-धमकाने का इल्जाम लगाया था और पुलिस सुरक्षा की मांग की थी।

मगर सुरक्षा घेरे के बावजूद बार-बार घर के भीतर पर्चे मिलने की वारदात ने पुलिस को शक में डाल दिया। जांच टीम को अंदेशा हुआ कि कहीं कोई अंदरूनी शख्स तफ्तीश की दिशा मोड़ने की कोशिश तो नहीं कर रहा। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों की हैंडराइटिंग और सिग्नेचर के नमूने लिए गए। जब FSL ने तुलना की, तो एक सदस्य की लिखावट धमकी भरे पत्रों से हूबहू मिल गई।

अब पुलिस उस संदिग्ध सदस्य से सख्त पूछताछ की तैयारी में है। सूत्र बताते हैं कि जांच एजेंसियों को शक है कि एसआईटी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की जांच को भटकाने के लिए यह साजिश रची गई थी। छात्रा की मौत पहले ही रहस्य के घेरे में है, और अब घर के अंदर से फर्जी धमकी का सुराग मिलना मामले को और पेचीदा बना रहा है।

 पिछले महीने पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा बेसुध हालत में मिली थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने हत्या और दुष्कर्म की आशंका जताई थी। संवेदनशीलता को देखते हुए 31 जनवरी को राज्य सरकार ने जांच CBI को सौंप दी थी।

अब बड़ा सवाल यही है क्या धमकी के ये पर्चे सहानुभूति बटोरने और जांच को गुमराह करने की साजिश थे? क्या असली सच अभी भी परदे में है? इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद गिरफ्तारी की तलवार अपनों पर लटकती नजर आ रही है, और पूरा प्रदेश इस रहस्य के अंतिम खुलासे का इंतजार कर रहा है।