Telegram ban India: NEET UG 2026 री-एग्जाम से पहले बड़ा फैसला! 22 जून तक टेलीग्राम पर रोक, एडिट फीचर भी बंद

Telegram ban India: NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। 22 जून तक टेलीग्राम पर अस्थायी रोक और 30 जून तक मैसेज एडिटिंग फीचर बंद रहेगा। NTA ने परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है।

Telegram ban India
टेलीग्राम पर कार्रवाई- फोटो : freepik

Telegram ban India: NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सरकार ने भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। यह परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित होनी है और टेलीग्राम पर यह रोक 22 जून 2026 तक लागू रहेगी।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जानकारी देते हुए बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत निर्देश जारी किया है। इस निर्देश के अनुसार भारत में टेलीग्राम की सेवाओं को सीमित अवधि के लिए प्रतिबंधित किया गया है। यह अवधि परीक्षा के दिन और उसके तुरंत बाद के समय को भी कवर करती है ताकि परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की गलत जानकारी या अफवाहों को फैलने से रोका जा सके।

मैसेज एडिटिंग फीचर कब तक रहेगा बंद?

एनटीए ने यह भी बताया कि टेलीग्राम को भारत में अपने मैसेज एडिटिंग फीचर को 30 जून 2026 तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है। एजेंसी के अनुसार पिछले कुछ समय में इस फीचर का इस्तेमाल कथित तौर पर राष्ट्रीय परीक्षाओं से जुड़े फर्जी पेपर लीक के सबूत तैयार करने के लिए किया गया था। कुछ लोग पुराने मैसेज में बदलाव करके उन्हें पहले का दिखाने की कोशिश करते थे, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा होती थी। एजेंसी का कहना है कि मैसेज एडिटिंग फीचर पर रोक लगाने का उद्देश्य ऐसे किसी भी प्रयास को रोकना है, जिसमें परीक्षा के बाद पुराने संदेशों में बदलाव कर पेपर लीक के झूठे दावे किए जाएं। इससे परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता को बनाए रखने में मदद मिलेगी।

टेलीग्राम के यूजर को होगी दिक्कत

हालांकि एनटीए ने माना है कि इस फैसले से टेलीग्राम के सामान्य और वास्तविक यूजर को कुछ असुविधा हो सकती है, लेकिन यह कदम केवल सीमित समय के लिए उठाया गया है। एजेंसी का कहना है कि परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला जरूरी माना गया है। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें।